150 की रफ्तार पर स्मिथ की पिटाई से जोफ्रा आर्चर हुए आगबबूला, बीच मैदान पर शुरू हुई जुबानी जंग
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के बीच दूसरे टेस्ट के चौथे दिन तीखी नोकझोंक देखने को मिली। आर्चर काफी तेज रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे और स्मिथ उनकी गेंदों को बाउंड्री के बाहर भेज रहे थे, जिससे इंग्लिश गेंदबाज चिढ़ गया।
ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को इंग्लैंड को 8 विकेट से हराकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। पिंक बॉल टेस्ट के चौथे दिन मैच के आखिर में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला उस समय देखने को मिला जब ऑस्ट्रेलिया जीत के लिए महज़ 65 रन का छोटा लक्ष्य हासिल करने की ओर बढ़ रही थी।
ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की पारी के नौवें ओवर में दोनों खिलाड़ियों के बीच लॉर्ड्स 2019 की प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर चरम पर पहुंच गई। जोफ्रा आर्चर लगातार 150 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे और उनका निशाना ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ थे। हालांकि स्मिथ ने क्रीज पर पहुंचते ही आर्चर के खिलाफ ताबड़तोड़ शॉट खेले और इस ओवर में चौकों और छक्कों की बरसात कर दी।
इस दौरान जब आर्चर ने लगातार बाउंसर फेंकने के बाद स्मिथ को कुछ कहा, तो स्मिथ भी पीछे नहीं हटे। स्टंप माइक में स्मिथ को आर्चर को करारा जवाब देते हुए सुना गया। उन्होंने कहा, "जब कुछ नहीं हो रहा होता है, तब तेज गेंदबाजी करो, चैंपियन!" स्मिथ के साथ तीखी नोकझोंक के बाद आर्चर ने फिर एक और तेज बाउंसर फेंकी, जिस पर स्मिथ ने शानदार पुल शॉट लगाते हुए गेंद को बाउंड्री लाइन के पार छक्के के लिए भेज दिया। इस छक्के के साथ ही स्मिथ ने आर्चर को अपनी बल्लेबाजी से मुंहतोड़ जवाब दे दिया और ऑस्ट्रेलिया को जीत के बिल्कुल करीब पहुंचा दिया।
स्टीव स्मिथ और जोफ्रा आर्चर के बीच 2019 की एशेज सीरीज में भी जुबानी जंग हुई थी। लॉर्ड्स टेस्ट में आर्चर की एक तेज बाउंसर स्मिथ की गर्दन पर लगी थी, जिसके कारण उन्हें कनकशन के चलते मैदान छोड़ना पड़ा था। तब से, क्रिकेट फैंस हमेशा इन दोनों दिग्गजों के आमने-सामने आने का बेसब्री से इंतजार करते हैं। गाबा में हुई यह ताजा भिड़ंत उसी पुरानी प्रतिद्वंद्विता की एक नई कड़ी बन गई है।






