ऑस्ट्रेलिया कमजोर लोगों की जगह नहीं...लगातार दूसरी हार के बाद स्टोक्स ने बताई टीम की कमी
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने लगातार दूसरी हार के बाद माना है कि ऑस्ट्रेलिया की टीम दबाव में उनकी टीम से बेहतर प्रदर्शन कर रही है और उन्होंने उम्मीद जताई है अंतिम तीन मैचों में टीम बेहतर करने के इरादे से उतरेगी।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली आठ विकेट से करारी हार पर कहा कि हम दबाव का सामना नहीं कर पाये। उन्होंने कहा कि हम कमजोर नहीं है और वापसी के लिए जरूरत पड़ने पर जोश दिखाना होगा। मैच के बाद स्टोक्स ने कहा कि हम मैच में दबाव का सामना नहीं कर पाये। उन्होंने कहा इंग्लैंड को सीरीज में बने रहे के लिए और अधिक संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि उनकी टीम मुश्किल हालात से वापसी कर सकती और अब 3-2 का नतीजा ही एशेज वापस जीतने का एकमात्र रास्ता है।
बेन स्टोक्स ने कहा कि कैच छोड़ना टीम की मुख्य खामी रही जिसने लाइट्स में पिंक बॉल से उनकी वापसी के प्रयास को कमजोर कर दिया। 290 पर 3 विकेट होने के बाद, ऑस्ट्रेलिया 329 पर 6 विकेट पर आ गया - जो अभी भी इंग्लैंड की पहली पारी के 334 रन से पीछे था - लेकिन कई मौकों का फायदा उठाकर तीसरे दिन आखिरकार अपना स्कोर 500 से अधिक कर लिया।
उन्होंने कहा, “बहुत निराशाजनक। इसके कई कारण है कि जब गेम दांव पर होता है, तो हम इस गेम, इस प्रारूप के दबाव का सामना नहीं कर पाते। छोटे-छोटे हिस्सों में, हम गेम को कुछ हद तक नियंत्रण में लाने में कामयाब रहे हैं और फिर हमने इसे हाथ से जाने दिया। हमने इस हफ्ते यहां फिर से ऐसा किया है, और यह बहुत, बहुत निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि हमारे ड्रेसिंग रूम में जो खिलाड़ी हैं, उनमें बहुत काबिलियत है। हमें उन पलों के बारे में थोड़ा और गहराई से सोचने की जरूरत है और हम उन पलों में मानसिक रूप से क्या सोच रहे हैं, और कुल मिलाकर जब जरूरत हो तो थोड़ा और जोश दिखाना होगा।”
उन्होंने कहा, "हम वहां बैठकर देखते हैं कि हमारे सामने क्या हो रहा है, ऑस्ट्रेलिया गेंदबाजी के लिए किस तरह की योजना बना रहा हैं, और फिर यह हम खिलाड़ियों पर निर्भर करता है कि हम एक प्लान के साथ मैदान पर जाएं और उस खतरे को कैसे खत्म करें। मुझे तो अभी यही लग रहा है कि यह एक लगातार चलने वाली बात है, कि जब गेम दबाव वाले पल में होता है, तो ऑस्ट्रेलिया उन पलों में हमसे बेहतर प्रदर्शन करता है। वे कहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया कमजोर लोगों की जगह नहीं है। हम निश्चित रूप से कमजोर नहीं हैं, लेकिन हमें कुछ ढूंढना होगा, क्योंकि हम अभी दो-शून्य से पीछे हैं, हमारे पास अभी तीन और गेम बाकी हैं, और हमें इसे ठीक करना होगा।"






