दो दिन और 750 गेंदों में खत्म हो गया ऑस्ट्रेलिया-बांग्लादेश मैच, टेस्ट क्रिकेट का चौथा सबसे छोटा टेस्ट
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच 750 गेंदों में समाप्त हो गया, इसके साथ ही ये मैच गेंदों के लिहाज से चौथा सबसे छोटा पूरा हुआ टेस्ट मैच बन गया है।

ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को दुनिया को दिखा दिया कि वह मौजूदा समय में आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में नंबर वन टीम कैसे बनी हुई है। बांग्लादेश ने हाल ही में पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर क्रिकेट जगत में सबको हैरान कर दिया था। हालांकि उनकी ये खुशी ज्यादा दिन तक नहीं टिक सकी। क्योंकि ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ही मैच में धमाकेदार वापसी करते हुए बांग्लादेश को चारों खाने चित कर दिया। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच खेला गया दूसरा मैच सिर्फ दो दिन में ही खत्म हो गया और इस दौरान 750 गेंदें फेंकी गई। अब ये मैच गेंदों के लिहाज से टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के सबसे छोटे मैचों में दर्ज हो गया है।
टेस्ट क्रिकेट के सबसे छोटे मैच
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मैकॉय में खेला गया दूसरा टेस्ट सिर्फ दो दिन तक ही चल सका। इस मैच के दौरान कुल 750 गेंदें डाली गईं। जोकि गेंदों के लिहाज से चौथा सबसे छोटा टेस्ट मैच बन गया है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का गेंद के लिहाज से सबसे छोटा मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुआ था। 2024 में केपटाउन में इन दोनों टीमों के बीच खेला गया मैच सिर्फ 642 गेंदों में खत्म हो गया था। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच 1931/32 में खेला गया मैच है, जिसमें 656 गेंदों में नतीजा मिल गया था। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में जीत हासिल की थी। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच 1934/35 में हुआ मैच 672 गेंदों में खत्म हुआ था। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 1888 में मैनचेस्टर में हुआ मैच 788 गेंदों में समाप्त हुआ था, जबकि इसी साल लॉर्ड्स में इन दोनों टीमों के बीच हुए मैच का रिजल्ट 792 गेंदों में निकला था।
तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के 10 विकेट की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हराकर दो मैच की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। स्टार्क ने मैच में 51 रन देकर 10 विकेट लिए। उन्होंने दूसरी पारी में 39 रन पर चार विकट चटकाए जबकि पहली पारी में 12 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे। पैट कमिंस (10 रन पर तीन विकेट) और नाथन लियोन (25 रन पर तीन विकेट) ने भी तीन-तीन विकेट लेकर स्टार्क का अच्छा साथ दिया। बांग्लादेश की दूसरी पारी 38.3 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। कप्तान नजमुल हुसैन शंटो ने 31 रन बनाए जबकि मुशफिकुर रहीम 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाया।



