60 विकेट, 7 बार 5 विकेट हॉल… रणजी ट्रॉफी में आकिब नबी मचाया गर्दा, सौरव गांगुली ने अगरकर से कर दी बड़ी मांग
जम्मू और कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने रणजी सीजन में अपने जबरदस्त प्रदर्शन से लोगों का ध्यान खींचा है। 29 साल के इस गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सीजन में 7वीं बार अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया है। इसके अलावा वह एक ही सीजन में 60 विकेट लेने वाले अब तक के तीसरे गेंदबाज बन चुके हैं।

जम्मू और कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने रणजी सीजन में अपने जबरदस्त प्रदर्शन से लोगों का ध्यान खींचा है। 29 साल के इस गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सीजन में 7वीं बार अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया है। इसके अलावा वह एक ही सीजन में 60 विकेट लेने वाले अब तक के तीसरे गेंदबाज बन चुके हैं। इस प्रदर्शन के साथ वह राष्ट्रीय टीम की दहलीज पर दस्तक दे रहे हैं। उनके दमदार प्रदर्शन से जम्मू और कश्मीर पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनने का इतिहास रचने जा रही है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली तो आकिब के प्रदर्शन से इतने प्रभावित हैं कि उन्होंने सीधे-सीधे मुख्य राष्ट्रीय चयनकर्ता अजीत अगरकर और बीसीसीआई सेक्रटरी देवजीत सैकिया को टैग करके आकिब को राष्ट्रीय टीम में चुने जाने की सलाह दी है।
गांगुली ने जम्मू कश्मीर की कर्नाटक के खिलाफ अपने पहले रणजी ट्रॉफी फाइनल में शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की और कहा कि तेज गेंदबाज आकिब नबी में राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने की काबिलियत है।
नबी ने रणजी के वर्तमान सत्र में 60 विकेट लिए हैं। इनमें कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में 54 रन देकर पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। उनके इस शानदार प्रदर्शन से जम्मू कश्मीर में हुबली में खेले जा रहे फाइनल में 584 रन बनाने के बाद कर्नाटक को 293 रन पर आउट कर दिया।
गांगुली ने एक्स पर लिखा, ‘जम्मू कश्मीर ने दुनिया को दिखा दिया है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से क्या हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अपने राज्य को गौरवान्वित किया है। मुश्किल वातावरण लोगों को मजबूत बनाता है।’
उन्होंने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई), सीनियर पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया को टैग करते हुए कहा, ‘आकिब नबी राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की राह पर हैं। गर्मियों में इंग्लैंड से शुरुआत करना सही रहेगा।’
आकिब नबी का प्रदर्शन कितना जबरदस्त है, इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि हुबली के जिस क्रिकेट ग्राउंड पर जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने पहली पारी में 584 रन का अंबार खड़ा किया, उसी मैदान पर स्टार बल्लेबाजों से सजी कर्नाटक की टीम पहली पारी में 293 रन ही बना सकी। आकिब नबी डार ने23 ओवर में 54 रन देकर 5 विकेट झटके।
डार ने केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, करुण नायर जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को आउट किया। इनके अलावा उन्होंने, स्मरण रविचंद्रन और शिखर शेट्टी का विकेट भी हासिल किया।
आकिब नबी डार रणजी ट्रॉफी के 92 साल के इतिहास में किसी एक सीजन में 60 विकेट लेने वाले सिर्फ तीसरे तेज गेंदबाज हैं। वह इस रणजी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इस सीजन में वह 7 बार 5 विकेट हॉल ले चुके हैं और अब तक रणजी में 15 बार वह किसी पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।
आकिब नबी डार को आईपीएल नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा है। रणजी ट्रॉफी के बाद अब आईपीएल में भी उनके प्रदर्शन पर क्रिकेटप्रेमियों की खास नजर रहेगी। डार ने अपने प्रदर्शन से भारतीय टीम में अपनी जगह के लिए तगड़ी दावेदारी पेश कर दी है। इस साल भारतीय टीम श्रीलंका और न्यूजीलैंड के दौरे पर जाने वाली है। उसके लिए डार एक मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


