
UAE को रौंदकर सूर्या ने पाकिस्तान को क्या मैसेज दिया? भारतीय कप्तान ने की नंबर-1 बैटर की तारीफ
भारतीय टीम टी20 एशिया कप 2025 में अपना दूसरा मैच पाकिस्तान के विरुद्ध खेलेगी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि सभी इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच को लेकर उत्साहित हैं। यह मुकाबला दुबई के मैदान पर आयोजित होगा।
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने बुधवार को टी20 एशिया कप 2025 में जबर्दस्त शुरुआत की। ग्रुप ए का हिस्सा भारत ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 9 विकेट से शिकस्त दी। सूर्या ब्रिगेड ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में यूएई को 57 रनों पर समेटकर 4.3 ओवर में टारगेज चेज कर लिया। यूएई को रौंदने के बाद भारत की टूर्नामेंट में दूसरी भिड़ंत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होनी है। यह हाई वोल्टेज मुकाबला 14 सितंबर को दुबई के मैदान पर आयोजित होगा। कप्तान सूर्यकुमार ने कहा कि सभी इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच को लेकर उत्साहित हैं।

यूएई से मैच जीतने के बाद सूर्या से जब पूछा गया कि इस परफॉर्मेंस से पाकिस्तान को क्या मैसेज देंगे? इसपर भारतीय कप्तान ने कहा, ''पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए सभी उत्साहित हैं। हर कोई अच्छा गेम खेलना चाहता है। निगाहें अगले मुकाबले पर हैं।'' वहीं, सूर्या ने यूएई पर जीत दर्ज करने के बाद अपने गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने महज 7 रन देकर चार विकेट चटकाए, जिससे यूएई की टीम उबर नहीं सकी। कुलदीप ने तीन विकेट तो एक ओवर में निकाले। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
सूर्यकुमार ने कहा, ''लड़कों ने शानदार प्रदर्शन किया। हम मैदान पर पूरी ऊर्जा के साथ उतरना चाहते थे और बल्लेबाजी में भी यही चीज दिखाई दी। विकेट अच्छा था। लेकिन यहां बहुत गर्मी भी है।'' उन्होंने कहा, ''स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन (जसप्रीत) बुमराह, शिवम (दुबे) और हार्दिक (पंड्या) ने भी बढ़िया गेंदबाजी की।'' कप्तान ने अभिषेक शर्मा की प्रशंसा की, जिन्होंने 16 गेंदों में 30 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। सूर्या कहा, ‘‘अभिषेक इस समय टी20 फॉर्मेट में नंबर-1 बल्लेबाज हैं और इसका कारण उनकी यही (आक्रामक) शैली है।''
यूएई ने टॉस गंवाने के बाद सधी शुरुआत की थी। उसका 26 के स्कोर पर कोई विकेट नहीं गिरा था। लेकिन यूएई ने 31 रन जोड़कर 10 विकेट गंवा दिए और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना सबसे छोटा स्कोर बनाया। यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम ने कहा, ''हमने बल्लेबाजी में अच्छी शुरुआत की लेकिन इसके बाद हमने लगातार विकेट गंवा दिए और यही हमारी हार का कारण रहा।'' उन्होंने कहा, ''भारत एक मजबूत टीम है और उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी। उन्होंने अपनी रणनीति पर पूरी तरह से अमल किया। हम इन गलतियों से सीखने का प्रयास करेंगे और वापसी करेंगे।''

लेखक के बारे में
Md.Akramलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





