
भुवनेश्वर कुमार की बादशाहत खत्म, राशिद खान बने T20 एशिया कप के इतिहास के नए 'बॉलिंग किंग'
संक्षेप: भुवनेश्वर कुमार की बादशाहत खत्म हो गई है और अब अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान T20 एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए हैं। वे टी20 एशिया कप के अब नए बॉलिंग किंग हैं।
अफगानिस्तान के लिए भले ही मंगलवार 16 सितंबर का दिन अच्छा नहीं रहा हो, लेकिन अफगानिस्तान की टीम के कप्तान राशिद खान ने एक इतिहास रच दिया। अफगानिस्तान की टीम को बांग्लादेश के हाथों हार मिली और टीम के एशिया कप 2025 के सुपर 4 में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा, लेकिन इस मैच के दौरान राशिद खान टी20 एशिया कप के नए बॉलिंग किंग बन गए। उन्होंने भारतीय गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की बादशाहत को खत्म कर दिया।

करामाती खान के नाम से फेमस राशिद खान अब टी20 एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। अभी तक ये रिकॉर्ड भारतीय पेसर भुवनेश्वर कुमार के नाम दर्ज था। भुवनेश्वर कुमार ने 13 विकेट 6 मैचों में निकाले थे, जबकि राशिद खान ने 10 मैचों में 14 विकेट चटकाकर उनकी बादशाहत को समाप्त किया है। राशिद खान ने बांग्लादेश के खिलाफ अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में 26 रन देकर 2 विकेट निकाले और इस तरह वे भुवनेश्वर से आगे निकल गए। इस मैच से पहले तक राशिद खान के नाम 12 विकेट टी20 एशिया कप के इतिहास में दर्ज थे।
T20 Asia Cup के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में राशिद और भुवनेश्वर के बाद श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा का नाम दर्ज है, जिन्होंने 12 विकेट 8 मैचों में निकाले हैं। इतने ही विकेट यूएई के अमजद जावेद के नाम दर्ज हैं। इसके अलावा भारत के हार्दिक पांड्या भी 12 विकेट निकाल चुके हैं। वे 10 मैच अब तक खेले हैं। हार्दिक पांड्या इस टूर्नामेंट में भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ने से 2 विकेट पीछे हैं और राशिद खान का रिकॉर्ड तोड़ने से 3 विकेट दूर हैं।
T20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट
- राशिद खान - 14 विकेट
- भुवनेश्वर कुमार - 13 विकेट
- वानिंदु हसरंगा - 12 विकेट
- अमजद जावेद- 12 विकेट
- हार्दिक पांड्या - 12 विकेट

लेखक के बारे में
Vikash Gaurलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





