अगरकर-गंभीर से अश्विन की रिक्वेस्ट, 2027 वर्ल्ड कप में दें इस स्टार प्लेयर को मौका; 2022 में खेला था आखिरी मैच
2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिए हर टीम अपनी कमर कस रही है। मगर भारतीय टीम की 15 खिलाड़ियों की लिस्ट अभी तक तैयार नहीं हुई है। इस बीच अश्विन ने अगरकर और गंभीर से स्पेशल रिक्वेस्ट की है।

2027 वर्ल्ड कप के लिए आईसीसी ने 12 वेन्यू का ऐलान कर दिया है। 4 अक्टूबर से इस टूर्नामेंट का आयोजन साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में होने जा रहा है। अब इस टूर्नामेंट के लिए सवा साल का समय रह गया है, मगर भारतीय टीम की तैयारियां अभी तक पूरी नहीं हुई है। कौन से 15 खिलाड़ियों का चयन वर्ल्ड कप 2027 के लिए होगा यह तय नहीं है। यहां तक रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के चयन पर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं। इस बीच पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर से एक ऐसे खिलाड़ी को मौका देने की रिक्वेस्ट की है, जिसने अपना आखिरी मैच 2022 में खेला था।
जी हां, यह खिलाड़ी और कोई नहीं भारतीय स्विंग किंग भुवनेश्वर कुमार है। भुवी ने भारत के लिए आखिरी वनडे 2022 में खेला था। अश्विन का मानना है कि साउथ अफ्रीका में भारत को इस अनुभवी गेंदबाज की जरूरत होगी।
भुवनेश्वर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को IPL 2026 का टाइटल जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी, उन्होंने इस दौरान 28 विकेट लिए थे और अंत तक वह पर्पल कैप की दौड़ में थे।
BCCI जब ODI वर्ल्ड कप के लिए संभावित ऑप्शन देख रहा है, तो अश्विन का मानना है कि यह आउट-ऑफ-फेवर पेसर साउथ अफ्रीका में टीम के लिए एक बढ़िया ऑप्शन हो सकता है। पूर्व-इंडिया स्पिनर ने टीम मैनेजमेंट को सलाह दी कि भुवनेश्वर को तैयार रखने के लिए उन्हें बिल्ड-अप में कई टूर्नामेंट खिलाए जाएं।
अश्विन ने कहा, “भुवनेश्वर कुमार हां हैं। मैं उनसे बात करूंगा, उन्हें सभी टूर्नामेंट – फर्स्ट-क्लास क्रिकेट, विजय हजारे ट्रॉफी, सब कुछ खिलाने के लिए कहूंगा। और उन्हें साउथ अफ्रीका जाने के लिए तैयार करूंगा। मुझे लगता है कि हमें वहां उनकी जरूरत होगी।”
फिलहाल वनडे क्रिकेट में भारत का पेस अटैक कुछ खास नजर नहीं आ रहा है। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के अलावा कोई अनुभवी गेंदबाज नहीं है। वहीं हार्दिक पांड्या अभी अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं।
टूर्नामेंट के दौरान अगर बुमराह चोटिल हो जाते हैं तो भारतीय पेस अटैक बिल्कुल कमजोर नजर आएगा। इस स्थिति में टीम इंडिया को भुवनेश्वर कुमार के अलावा मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी गेंदबाज की जरूरत है जो पहले भी आईसीसी टूर्नामेंट में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।
अब देखने वाली बात यह है कि आगामी वनडे सीरीज में भारतीय टीम मैनेजमेंट की क्या प्लानिंग है। अगर भुवी और शमी जैसे गेंदबाजों को कुछ मौके मिलते हैं तो वह वर्ल्ड कप 2027 के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।



