'आशीष नेहरा ने कहा कि आधी रात को...' इंडिया डेब्यू से पहले 24 वर्षीय पेसर ने बताया अगला टारगेट
India vs Zimbabwe: इंडिया डेब्यू से पहले 24 वर्षीय पेसर आशोक शर्मा ने अगला टारगेट बताया है। वह जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं। वह आशीष नेहरा को अपना मेंटोर मानते हैं।

अशोक शर्मा ने भले ही गुजरात टाइटंस के लिए सिर्फ छह आईपीएल मैच खेले हों लेकिन हेड कोच आशीष नेहरा के मार्गदर्शन ने इस तेज गेंदबाज को एक मजबूत हथियार के तौर पर उभरने में मदद की है और वह तीन मैच की आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं। भारत बनाम जिम्बाब्वे सीरीज का पहला मैच गुरुवार को हरारे में खेला जाएगा।
'अगर तुम आधी रात को भी...'
24 वर्षीय अशोक ने 'जियोस्टार'को बताया, ''जब भी मैं भरोसे की बात करता हूं तो मुझे (आशीष) नेहरा सर याद आते हैं। मैं हर संदेह के साथ उनके पास जाता था। जब भी मुझे खुद पर संदेह होता था या कुछ पूछना होता था तो मैं उनसे बात करता था।'' उन्होंने कहा, ''उन्होंने (नेहरा ने) एक बार मेरे से कहा था, 'अगर तुम आधी रात को भी मेरे पास कोई सवाल लेकर आओगे तो भी मैं तुम्हारे लिए तैयार रहूंगा।' इसलिए जब भी मुझे कोई संदेह होता था, चाहे वह किसी गेंद के बारे में हो या मेरी गेंदबाजी से जुड़ी किसी भी चीज के बारे में तो मैं उनके पास जाता था।''
154.2 की रफ्तार से फेंकी गेंद
भारत के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक अशोक ने कहा, ''मैच के बाद मैं उनके कमरे में जाता और अपनी गेंदबाजी के वीडियो देखता। मैं उनसे पूछता कि मैं और क्या बेहतर कर सकता हूं और मुझे किस चीज पर काम करने की जरूरत है। मैं उन्हें अपना मार्गदर्शक (मेंटोर) मानता हूं। इस आईपीएल सत्र में मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है और उन्होंने मेरी काफी मदद की।'' अशोक ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मोटेरा में हुए आईपीएल मैच में गुजरात टाइटन्स के लिए 154.2 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से एक गेंद फेंकी और उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने का भरोसा है लेकिन उनका लक्ष्य भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना है।
'जितना जल्दी संभव हो भारत के..'
राजस्थान के लिए चार रणजी मैच में 14 विकेट चटकाने वाले अशोक ने कहा, ''मेरा पहला टारगेट भारत के लिए डेब्यू करना है। मैं इस लम्हें का इंतजार कर रहा हूं, भारत की जर्सी पहनने का और अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का। अब मैं जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में हूं तो मेरा लक्ष्य अधिक से अधिक विकेट लेना और अधिक से अधिक मैच खेलने का प्रयास करना है। मैं मौके का फायदा उठाना चाहता हूं।'' उन्होंने कहा, ''इसके बाद मेरा अगला टारगेट जितना जल्दी संभव हो भारत के लिए लाल गेंद का क्रिकेट खेलना है।'' अन्य कई तेज गेंदबाजों की तरह अशोक के आदर्श भी दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन हैं।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



