एंडी फ्लावर ने दोबारा इंग्लैंड के टेस्ट कोच बनने का ऑफर ठुकराया, RCB के साथ काम करके हैं खुश
एंडी फ्लावर ने कहा है कि उन्होंने ईसीबी के प्रबंध निदेशक रॉब की के साथ इंग्लैंड टेस्ट कोच के पद को लेकर बातचीत की थी और ऑफर ठुकरा दिया था क्योंकि वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 'द हंड्रेड' में लंदन स्पिरिट के साथ बने रहने चाहते हैं।

जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान और अनुभवी कोच एंडी फ्लावर ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच बनने की संभावना को खारिज कर दिया है। हाल में ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद फ्लावर इस पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 'द हंड्रेड' में लंदन स्पिरिट के साथ अपनी मौजूदा कोचिंग भूमिका जारी रखने का फैसला किया है। हालांकि फ्लावर ने इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के प्रबंध निदेशक रॉब की के साथ इस पद को लेकर चर्चा की थी। लेकिन उन्होंने मौजूदा जिम्मेदारियों से संतुष्ट होने का हवाला देते हुए यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया।
एंडी फ्लावर ने टेस्ट कोच बनने से किया इनकार
फ्लावर 2009 से 2014 तक इंग्लैंड के मुख्य कोच रह चुके हैं। उन्होंने लंदन स्पिरिट के मीडिया कार्यक्रम में स्पष्ट किया कि वह अपनी वर्तमान जिम्मेदारियां छोड़ने के इच्छुक नहीं हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने खुद को इस दौड़ से बाहर कर लिया है तो उन्होंने कहा, ''हां, बिल्कुल। '' उन्होंने कहा, ''मैंने ईसीबी से बात की है। मुझे इंग्लैंड की राष्ट्रीय टेस्ट टीम के मुख्य कोच के खाली हुए पद की जानकारी है। ''
फ्लावर ने कहा, ''मैंने ईसीबी में पुरुष क्रिकेट के प्रबंध निदेशक रॉब की से इस विषय पर चर्चा की। लेकिन मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं इस समय अपने काम से बेहद खुश हूं। '' उन्होंने कहा, ''मैं दो शानदार टीम के साथ काम कर रहा हूं। मैं अपनी मौजूदा भूमिका से पूरी तरह संतुष्ट हूं।''
फ्लावर का मानना है कि आईपीएल और किसी अंतरराष्ट्रीय टेस्ट टीम के बीच संतुलन बनाना मुश्किल है क्योंकि आईपीएल इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट सत्र के शुरुआती महीनों में होता है। उन्होंने कहा, ''मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर दोनों भूमिकाएं साथ निभाना संभव नहीं है, विशेषकर तब जब आईपीएल इंग्लैंड के ग्रीष्मकालीन क्रिकेट सत्र के शुरुआती दो महीनों में खेला जाता है। ‘’
इंग्लैंड के साथ कर चुके हैं काम
उन्होंने कहा, ''मैं पहले भी इंग्लैंड के साथ काम कर चुका हूं और वह अनुभव शानदार रहा। इंग्लैंड का मुख्य कोच बनने और उस टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मेरे लिए सम्मान की बात थी। उन वर्षों की यादें आज भी मेरे लिए बेहद खास हैं। लेकिन इस समय मैं अपने वर्तमान काम से पूरी तरह संतुष्ट हूं और उसी पर ध्यान देना चाहता हूं।'' अपने पिछले कार्यकाल में फ्लावर ने इंग्लैंड को टेस्ट क्रिकेट में दुनिया की नंबर एक टीम बनाया था और टीम ने उनके नेतृत्व में तीन बार एशेज सीरीज भी जीती। फ्लावर ने आरसीबी के साथ इस वर्ष मई में आईपीएल खिताब जीता।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



