Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़विश्लेषणSuryakumar Yadavs batting before and after captaincy pressure or out of form ind vs aus t20i series
कप्तानी से पहले सूर्यकुमार यादव का बल्ला उगलता था आग, अब जंग लग गई; आंकड़े तो यही कह रहे

कप्तानी से पहले सूर्यकुमार यादव का बल्ला उगलता था आग, अब जंग लग गई; आंकड़े तो यही कह रहे

संक्षेप:

सूर्यकुमार यादव जब कप्तान नहीं थे तो एक अलग ही बल्लेबाज नजर आते थे। खूंखार। खतरनाक। जिसका गेंदबाजों में खौफ हुआ करता था। लेकिन कप्तानी में उनकी बल्लेबाजी अतीत की सिर्फ परछाई मात्र लग रही है। वह रनों के लिए तरसते हुए दिख रहे हैं।

Tue, 28 Oct 2025 03:34 PMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

मुझे लगता है कि मैं सचमुच कड़ी मेहनत कर रहा हूं। ऐसा नहीं है कि मैं पहले कड़ी मेहनत नहीं कर रहा था। मैंने स्वदेश में अच्छा अभ्यास किया और इसलिए मैं अब अच्छी स्थिति में हूं...रन तो आखिरकार आएंगे ही लेकिन टीम के लक्ष्य की तरफ कड़ी मेहनत करना महत्वपूर्ण है। ये कहना है भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का। बुधवार को ऑस्ट्रेलिया से 5 टी20 इंटरनेशनल की सीरीज का पहला मैच है। उससे एक दिन पहले सूर्यकुमार यादव ने पिछले काफी समय से चल रहे अपने खराब फॉर्म को लेकर जैसे बेफिक्री दिखाई। क्या वाकई सूर्या का लचर फॉर्म टीम इंडिया के लिए बिल्कुल भी चिंता की बात नहीं है? क्या कप्तानी मिलने के बाद सूर्यकुमार यादव के बल्ले में जंग लग चुकी है? अगर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी उनका बल्ला खामोश रहा तो बहुत जल्द शुभमन गिल टी20 की कप्तानी भी करते नजर आ सकते हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कप्तानी तो शानदार लेकिन बल्लेबाजी को क्या हुआ?

गेंदबाज कोई भी हो। गेंद कोई भी हो। उसे मनचाही जगह पर मारने की काबिलियत की वजह से ही सूर्यकुमार यादव को मिस्टर 360 डिग्री का नाम मिला। लेकिन पिछले काफी समय से वह अपनी ख्याति के अनुरूप बैटिंग करने में नाकाम दिख रहे हैं। पिछले महीने एशिया कप की शुरुआत से पहले भी सूर्यकुमार यादव के फॉर्म को लेकर सवाल उठे थे। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भी वही सवाल हैं? सूर्या की कप्तानी तो शानदार है। अभी तो एशिया कप का खिताब जीते हैं लेकिन बैटिंग? ऐसा लग रहा जैसे कप्तानी मिलने के बाद सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी को कुछ हो गया है। उनके बल्ले से रन ही नहीं निकल रहे। ऐसा क्यों है? कहीं कप्तानी से उनकी बल्लेबाजी तो नहीं प्रभावित हो रही? कहीं कप्तानी का दबाव तो नहीं है? इसी साल आईपीएल में उनके बल्ले से खूब रन बरसे। फिर टी20 इंटरनेशनल में उन्हें क्या हो जा रहा?

T20I में सूर्यकुमार यादव

सबसे पहले तो सूर्यकुमार यादव के टी20 इंटरनेशल करियर पर नजर डालते हैं। उन्होंने अब तक 90 T20I मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 85 पारियों में 37.08 के शानदार औसत से 2670 रन बनाए हैं। टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 4 शतक और 21 अर्धशतक हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 117 का है। स्ट्राइक रेट 164.20 का। सूर्या लंबे समय तक टी20 बल्लेबाजों की आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष पर रह चुके हैं। लेकिन कप्तानी में उनकी बल्लेबाजी अतीत की सिर्फ परछाई मात्र है।

ये भी पढ़ें:Ind vs Aus: सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर रहेगी निगाह, लेकिन कप्तान तो बेफिक्र हैं

खराब फॉर्म

इस साल टी20 इंटरनेशनल में सूर्यकुमार यादव ने अब तक 11 मैच में सिर्फ 100 रन बनाए हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में 27 पारियों में 25.20 के औसत से सिर्फ 630 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। अपनी कप्तानी में उनका सर्वोच्च स्कोर 100 रन रहा है। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 152.54 का है।

कप्तानी से पहले अलग ही बल्लेबाज नजर आते थे सूर्या

सूर्यकुमार यादव जब कप्तान नहीं थे तो एक अलग ही बल्लेबाज नजर आते थे। खूंखार। खतरनाक। जिसका गेंदबाजों में खौफ हुआ करता था। आंकड़ें देख लीजिए। वह कप्तान न रहते हुए भारत के लिए 61 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस दौरान 58 पारियों में 43.40 के शानदार औसत से उन्होंने 2040 रन बनाए हैं। इसमें 3 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। उनका करियर बेस्ट 117 रन भी तभी आया जब वह कप्तान नहीं थे। उस दौरान उनका स्ट्राइक रेट तो 168.17 का था।

हालिया प्रदर्शन

पिछले टूर्नामेंट यानी एशिया कप 2025 की बात करें तो उसके 7 मैच की 6 पारियों में सूर्यकुमार यादव ने 18 के औसत से सिर्फ 72 रन बनाए। इनमें पाकिस्तान के खिलाफ लीग मैच में 47 रन की नाबाद पारी भी शामिल है। उनका स्ट्राइक रेट भी 101.40 रहा जो कुछ खास नहीं है। एशिया कप में उनके प्रदर्शन की बात करें तो बांग्लादेश के खिलाफ 7, पाकिस्तान के खिलाफ 47, अफगानिस्तान के खिलाफ 9, श्रीलंका के खिलाफ 5, सुपर 4 में बांग्लादेश के खिलाफ 12, अफगानिस्तान के खिलाफ 0 और फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ 1 रन बनाए थे।

ये भी पढ़ें:T20 क्रिकेट में वर्ल्ड के 5 सबसे बड़े सिक्सर किंग, SKY के पास पासा पलटने का मौका

'मैं आउट ऑफ फॉर्म नहीं, बस रन नहीं बन रहे'

एशिया कप में बतौर बल्लेबाज फेल होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि उन्हें लगता है कि वह आउट ऑफ फॉर्म नहीं है, ऑउट ऑफ रन हैं। उन्होंने कहा था कि जिस तरह की वह तैयारी कर रहे हैं, चीजें अपने आप शुरू हो जाएंगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से पहले भी उन्होंने अपने फॉर्म को लेकर जो कुछ कहा, उसका लब्बोलुआब यही था।

कप्तानी का दबाव?

भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर भी सूर्यकुमार यादव के फॉर्म में चिंता वाली कोई बात नहीं देखते। लेकिन आंकड़े तो बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की दो तस्वीर दिखा रहे। कप्तानी में अलग और कप्तानी से पहले बिल्कुल अलग।

शुभमन गिल फैक्टर और बढ़ाएगा दबाव?

एशिया कप और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान भारतीय क्रिकेट में एक बहुत बड़ा बदलाव हुआ है। तब शुभमन टेस्ट की कप्तानी करके आए थे और न सिर्फ टी20 टीम में वापस लाए गए बल्कि उपकप्तान भी बनाए गए। अब वह वनडे की भी कप्तानी संभाल चुके हैं। देर-सबेर तीनों फॉर्मेट की कप्तानी भी उन्हें ही सौंपे जाने की चर्चा है। ऐसे में अगर सूर्यकुमार यादव पर कप्तानी का दबाव अगर है तो अब तो पहले से कहीं और भी ज्यादा दबाव होगा। इस दबाव से निकलने का सिर्फ एक तरीका है- बल्ले से रनों की बारिश। उन पर कोच का भरोसा है। टीम मैनेजमेंट का भरोसा है। उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया दौरे में वह रनों के सूखे को खत्म कर सकेंगे।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।