
IND vs WI: भारतीय सरजमीं पर 25 सालों में पहली बार हुआ ऐसा, गिल और गंभीर जरूर हैरान होंगे!
India Vs West Indies: जस्टिन ग्रीव्स और जेडन सील्स ने इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज दूसरे टेस्ट में दसवें विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की। यह भारतीय सरजमीं पर आखिरी विकेट के लिए चौथी सबसे बड़ी साझेदारी है।
वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स और जेडन सील्स ने दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में भारत को आखिरी विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों ने दिल्ली के अरुण जटेली स्टेडियम में दसवें विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की, जिससे कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर जरूर हैरान होंगे। दरअसल, भारतीय सरजमीं पर 25 सालों में पहली बार टीम इंडिया के खिलाफ आखिरी विकेट के लिए 50 प्लस रनों की पार्टनरशिप हुई। ग्रीव्स और सील्स ने भारत में दसवें विकेट के लिए चौथी सबसे बड़ी साझेदारी का कारनामा अंजाम दिया है। जेडन 85 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 50 रन बनाकर नाबाद रहे। सील्स ने 67 गेंदों में 32 रन जुटाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल है।
भारत में भारतीय टीम के विरुद्ध 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड पाकिस्तान के अमीर इलाही और ज़ुल्फिकार अहमद के नाम दर्ज है। दोनों ने 1952 में भारत के खिलाफ टेस्ट मैच में आखिरी विकेट के लिए 104 रन जोड़े थे। वहीं, जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर एंडी फ्लावर और हेनरी ओलोंगा ने साल 2000 में भारत में 97 रनों की अटूट साझेदारी की। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान और तौसीफ अहमद ने 1987 में भारतीय सरजमीं पर दसवें विकेट के लिए 81 रनों की अटूट साझेदारी की। बता दें कि फॉलऑन के बाद वेस्टइंडीज ने 390 का स्कोर बनाया और भारत के सामने 121 रनों का टारगेट रखा। जॉन कैंपबेल (115) और साई होप (103) ने शतक लगाए।
गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम दिल्ली टेस्ट जीतने से महज 58 रन दूर है। सोमवार को चौथे दिन स्टंप्स तक भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए एक विकेट गंवाकर 63 रन जुटाए। केएल राहुल 25 और साई सुदर्शन 30 रन बनाकर नाबाद हैं। अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच को पारी और 140 रन के अंतर से जीतने वाले भारत ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 518 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 248 रन ही बना पाई थी और उसे फॉलोऑन करना पड़ा था। वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में अच्छी चुनौती पेश की लेकिन यह पर्याप्त नहीं था। जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव ने तीन-तीन, मोहम्मद सिराज ने दो जबकि रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट लिया।

लेखक के बारे में
Md.Akramलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





