एलिसा हीली को कंधों पर उठाया, छलके आंसू…बेहद भावुक था उनका टेस्ट रिटायरमेंट
एलिसा हीली का टेस्ट रिटायरमेंट काफी इमोशनल रहा। भारत को 10 विकेट से रौंदने के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने उन्हें कंधे पर उठाया, इस दौरान खिलाड़ी काफी इमोशनल नजर आए।

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को डे-नाइट टेस्ट में 10 विकेट से हराकर दौरे को अपने नाम कर लिया है। इस दौरे के अंत के साथ ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली के करियर का भी अंत हो गया है। हीली इस दौरे के शुरू होने से पहले ही रिटायरमेंट का ऐलान कर चुकी थी। भारत के खिलाफ यह दौरा उनके करियर का आखिरी दौरा था। हीली ने टीम इंडिया के खिलाफ टी20 सीरीज में तो हिस्सा नहीं लिया, जहां उनकी टीम को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, मगर वह वनडे और एकमात्र टेस्ट मैच जरूर खेली। टेस्ट मैच जीतने से पहले ऑस्ट्रेलिया ने भारत को वनडे सीरीज में 3-0 से रौंदा था। हीली का फेयरवेल काफी इमोशनल रहा।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने उन्हें कंधे पर उठाकर पर्थ के स्टेडियम पर विदाई दी। इस दौरान कई खिलाड़ियों के आंखों में आंसू भी नजर आए।
ऑस्ट्रेलिया ने महिलाओं के एकमात्र दिन-रात्रि क्रिकेट टेस्ट में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए रविवार को यहां तीसरे दिन भारत के खिलाफ 10 विकेट की आसान जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरी पारी में 149 रन पर समेटने के बाद 25 रन के मामूली लक्ष्य को बिना किसी परेशानी के हासिल कर लिया। यह कप्तान एलिसा हीली के लिए शानदार विदाई रही जिन्होंने अपने करियर का अंत एक ऐसे विरोधी पर शानदार जीत के साथ किया जिसके खिलाफ उन्होंने हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया।
भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 105 रन से आगे खेलते हुए 48.2 ओवर में 149 रन पर सिमट गई जिसमें प्रतिका रावल ने 137 गेंद में 63 रन की पारी खेली। एशले गार्डनर (आठ रन पर दो विकेट) ने कल की दोनों नाबाद बल्लेबाजों स्नेहा राणा (30) और प्रतिका को आउट किया।
गार्डनर ने स्नेह को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। प्रतिका भी इसके बाद ऑफ स्पिनर गार्डनर की गेंद को पुल करने की कोशिश में हवा में लहरा गईं और मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी एनाबेल सदरलैंड ने उनका शानदार कैच लपका जिससे भारतीय पारी का अंत हुआ।
ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल गेंदबाज लूसी हैमिल्टन रहीं जिन्होंने 32 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि सदरलैंड ने 15 और एलेना किंगा ने 23 रन पर दो-दो विकेट हासिल किए।
ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 25 रन की दरकार थी और सलामी बल्लेबाजों जॉर्जिया वोल (नाबाद 16) और फोबे लिचफील्ड (नाबाद 11) ने 4.3 ओवर में ही बिना विकेट खोए 28 रन बनाकर मेजबान टीम को जीत दिला दी।
इससे पूर्व भारत ने पहली पारी में 198 रन बनाए थे जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सदरलैंड के 129 रन की मदद से 323 रन बनाकर मेजबान टीम को पहली पारी में अहम बढ़त दिलाई थी।
मैच के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, ''हमने टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीतकर अच्छी शुरुआत की लेकिन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट मैच में अच्छा काम जारी नहीं रख सके लेकिन ऑस्ट्रेलिया में पूर्ण श्रृंखला खेलना एक अच्छा अनुभव था। गुलाबी गेंद का टेस्ट एक अलग चुनौती थी।''
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान हीली ने कहा, ''टी20 श्रृंखला में हार के बाद वापसी करना अविश्वसनीय था और मुझे टीम पर गर्व है। इस टीम को आगे बढ़ते और कुछ अच्छे नतीजे हासिल करते देखकर खुश हूं। पिछले एक हफ्ते से अधिक का समय बहुत बढ़िया रहा।''
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


