
पंजाब में तीनों पंजाबी खिलाड़ी फेल, साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने जसप्रीत बुमराह को भी नहीं बख्शा
पंजाब में मुकाबला खेला जा रहा था, लेकिन इस मैच में पंजाबी खिलाड़ी ही फेल हो गए। इस तरह फैंस को अपने ही खिलाड़ियों से निराशा मिली। यहां तक कि दिग्गज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी साउथ अफ्रीका ने नहीं बख्शा।
पंजाब के न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर में पहली बार मेंस इंटरनेशनल क्रिकेट मैच खेला गया। महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम में तीन पंजाबी खेल रहे थे, लेकिन तीनों ही पंजाबियों की बोलती बंद हो गई। अपने ही होम ग्राउंड पर पंजाबी खिलाड़ियों की शामत आ गई। यहां तक कि जसप्रीत बुमराह को भी साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने नहीं बख्शा। उनके करियर का भी ये शर्मनाक मैच साबित हुआ।
पहले बात करते हैं 3 पंजाबी खिलाड़ियों की तो इनमें एक तो अर्शदीप सिंह, दूसरे थे शुभमन गिल और तीसरे थे अभिषेक शर्मा। ये तीनों ही खिलाड़ी पंजाब से आते हैं और पंजाब के लिए ही डोमेस्टिक क्रिकेट इन्हीं मैदानों पर खेलते हैं, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ इन तीनों पंजाबियों की हवा टाइट हो गई। पहले गेंदबाजी करते हुए अर्शदीप सिंह की जमकर धुनाई हुई। उन्होंने बिना कोई विकेट लिए 54 रन 4 ओवरों में लुटाए। एक ओवर तो उनका 13 गेंदों का रहा, जिसमें सात वाइड उन्होंने फेंकी, जो एक शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है।
वहीं, बल्लेबाजी में शुभमन गिल उतरे तो उन्होंने पहली गेंद पर ही अपना विकेट खो दिए। इसके कुछ ही देर के बाद अभिषेक शर्मा भी आउट हो गए। इस तरह तीनों पंजाबी खिलाड़ियों ने अपने-अपने फैंस को खूब निराश किया। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल पहले मैच में भी फेल हुए थे। ऐसे में एक बार फिर से संजू सैमसन वाली डिबेट सोशल मीडिया पर शुरू हो गई है, क्योंकि उनको ओपनिंग से हटाया गया है। अब वे प्लेइंग इलेवन से भी बाहर हैं।
बुमराह पर पड़े 4 छक्के
वहीं, अगर बात तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की करें तो उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में पहली बार किसी मैच में 4 छक्के खाए हैं। बुमराह को इस मैच में कोई सफलता नहीं मिली। आपको जानकर हैरानी होगी कि बुमराह अब तक 82 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और लगभग हर मैच में उन्होंने गेंदबाजी की है, लेकिन पहली बार किसी टीम के खिलाफ उनकी गेंदों पर 4 छक्के एक टी20 इंटरनेशनल मैच में पड़े हैं।






