श्रेयस, सूर्यकुमार से लेकर हार्दिक पर क्या बोले अजीत अगरकर? ‘गेम चेंजर’ को चुनकर हुए गदगद

मुंबई, भाषा
Follow us on Google News
share

श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान नियुक्त किया गया है। सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को टी20 फॉर्मेट में नहीं चुना गया।

श्रेयस, सूर्यकुमार से लेकर हार्दिक पर क्या बोले अजीत अगरकर? ‘गेम चेंजर’ को चुनकर हुए गदगद

भारतीय टी20 क्रिकेट में शनिवार को बदलाव की नई बयार देखने को मिली जब श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह राष्ट्रीय टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया तो वहीं युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया। महज 15 वर्ष और 71 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का वर्षों पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। तेंदुलकर ने 15 नवंबर 1989 को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। उस समय उनकी उम्र 16 वर्ष और 205 दिन थी। भारतीय टीम 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। इसके बाद टीम एक से 11 जुलाई तक इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा लेगी।

'श्रेयस अय्यर ने खुद को साबित किया'

अय्यर की राष्ट्रीय टी20 टीम में वापसी तीन दिसंबर 2023 के बाद पहली बार हुई है। उन्होंने अपना पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच उसी दिन बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। विभिन्न दौरों के लिए भारतीय टीम की घोषणा करने के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा, ''अगले टी20 विश्व कप में अभी पर्याप्त समय है। श्रेयस ने कप्तान रूपों में खुद को साबित किया है। केकेआर को खिताब दिलाने के अलावा उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए भी लगातार दो सफल सत्र खेले। वह टीम के दायरे से कभी बाहर नहीं थे, लेकिन संयोजन के कारण जगह नहीं बना पा रहे थे।'' इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उनकी शानदार कप्तानी और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। अय्यर ने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाया था, जबकि 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया। बल्लेबाजी में भी दो लगातार सफल सत्रों ने उनके दावे को और मजबूत बनाया। यही कारण रहा कि चयन समिति ने टी20 विश्व कप 2026 विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव के उत्तराधिकारी के रूप में श्रेयस पर भरोसा जताया।

सूर्यकुमार को इस वजह से किया बाहर

अगरकर ने कहा कि पिछले दो सत्रों में सूर्यकुमार की लगातार गिरती फॉर्म ने उन्हें टी20 कप्तानी से हटाने के फैसले को प्रभावित किया। मुंबई के इस खिलाड़ी के बल्ले से औसत प्रदर्शन के बावजूद कप्तान के रूप में अच्छा काम किया था। अगरकर ने कहा, ''हमने पिछले दो वर्षों के फॉर्म पर भी नजर डाली, लेकिन उन्होंने कप्तान के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया था। इस पर ज्यादा लंबी चर्चा नहीं हुई, लेकिन किसी समय हमें भविष्य की ओर देखना ही था।'' सूर्यवंशी का चयन लगभग तय माना जा रहा था। इस युवा बल्लेबाज ने 2026 आईपीएल सत्र में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक जड़े तथा 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा। अगरकर ने बिहार के इस युवा खिलाड़ी की मैच का रुख बदलने की क्षमता की जमकर सराहना की।

अगरकर ‘गेम-चेंजर’ को चुनकर हुए गदगद

उन्होंने कहा, ''हमने देखा है कि वह क्या कर सकता है। आईपीएल के प्लेऑफ में भी हमने देखा कि उसने लगभग अकेले दम पर अपनी टीम को आगे बढ़ाया।'' अगरकर ने आगे कहा, "एक युवा खिलाड़ी का इतने अधिक दबाव वाले माहौल में बल्लेबाजी करना और मैच का पासा पलट देने की क्षमता दिखाना बेहद सराहनीय है। वह निश्चित रूप से 'गेम-चेंजर' (मुकाबले का रूख पलटने वाला) बन सकता है।" मध्यक्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में जगह मिली है। अगरकर ने कहा कि तिलक उपकप्तान के रूप में कार्य करते हुए नेतृत्व की जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ और सीख सकेंगे। यह उनके सीमित ओवर के प्रारूप में एक अहम सदस्य के रूप में उभरते हुए विकास का संकेत है।

हार्दिक पांड्या टी20 स्क्वॉड में क्यों नहीं?

भारतीय टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर रहेंगे। वह हालांकि सितंबर में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए टीम में वापसी करेंगे। अगरकर ने बुमराह की उपलब्धता और फिटनेस प्रबंधन पर कहा, ''2027 में वनडे विश्व कप भी है। इसलिए यह देखना जरूरी है कि उनकी थकान और फिटनेस कैसे प्रबंधित किया जाए। हमारे पास आगे नौ टेस्ट मैच भी हैं। ‘’उन्होंने कहा, ''हम अगर उन्हें अधिकतर मैचों में उपलब्ध रख सकें तो यह टीम के लिए फायदेमंद होगा। साथ ही उन्हें टी20 मुकाबलों के लिए फिट और उपलब्ध बनाए रखना भी अहम है।" ऑलराउंडर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल हैं, लेकिन टी20 और किसी अन्य टीम का हिस्सा नहीं हैं। अगरकर ने कहा, ''हमारा मुख्य उद्देश्य यह देखना है कि हार्दिक वनडे क्रिकेट खेल सकते हैं या नहीं और वह फिट रह सकते हैं क्योंकि आगे वनडे विश्व कप भी है। साथ ही यह नितीश रेड्डी को मौका देने का भी अवसर है।"

हर्षित राणा की भारतीय टीम में हुई वापसी

अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर टीम का हिस्सा रहेंगे, लेकिन वह एशियाई खेलों से बाहर रहेंगे क्योंकि वह उस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में खेलेंगे। तेज गेंदबाज हरफनमौला हर्षित राणा चोट के कारण आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए नहीं खेल पाए थे लेकिन भारतीय टीम में उनकी वापसी हुई है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल श्रीलंका के खिलाफ दो बहु-दिवसीय मैचों में भारत का नेतृत्व करेंगे। देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे, जबकि रुतुराज गायकवाड़ को भी टीम में शामिल किया गया है।

आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।

एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी।

श्रीलंका दौरे के बहु-दिवसीय मैचों के लिए भारतीय टीम: ध्रुव जुरेल (कप्तान एवं विकेटकीपर), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), रुतुराज गायकवाड़, हर्ष दुबे, सारांश जैन, गुरनूर बरार, आकिब नबी, यश ठाकुर, एन. जगदीशन, अमन मोकाडे, शेख राशिद और जीशान अंसारी।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।