भारत के दुखों का कारण अहमदाबाद का मैदान, जहां हारे थे विश्व कप फाइनल, वहीं खत्म हुआ लगातार जीत का सिलसिला
अहमदाबाद स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत के विजय रथ को रोककर उसकी बादशाहत खत्म कर दी है। 2023 विश्व कप फाइनल में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद, यह किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट (सभी प्रारूपों में) के पिछले 18 मैचों में भारत की पहली हार है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम के विजय रथ को रोककर उसकी बादशाहत खत्म कर दी है। 2023 के वनडे विश्व कप फाइनल में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद, यह किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट (सभी प्रारूपों में) के पिछले 18 मैचों में भारत की पहली हार है। इतना ही नहीं, यह 2022 के टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के बाद से किसी भी बहु-राष्ट्रीय टी20I टूर्नामेंट में भारत की पहली पराजय भी साबित हुई है। इस हार के साथ ही भारतीय टीम का पिछले कई महीनों से चला आ रहा अजेय क्रम टूट गया है, जिसने प्रशंसकों को 2023 के फाइनल की कड़वी यादें ताजा करा दी हैं।
भारतीय टीम ने 2023 का विश्व कप फाइनल जो इसी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था के बाद आईसीसी टूर्नामेंट्स में एक भी मुकाबला नहीं हारा था, जिसका आज सिलसिला समाप्त हो गया। उस विश्व कप फाइनल में मिली हार के बाद भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप 2024 में अपराजित रहते हुए खिताब अपने नाम किया था। उसके बाद 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारत ने एक भी मैच नहीं हारा था और खिताब अपने नाम किया था। 2026 टी-20 विश्व कप के पिछले चारों मैच भारतीय टीम जीतकर आ रही थी। ऐसे में भारत ने उस फाइनल में मिली हार के बाद लगातार 18 आईसीसी के मुकाबले जीते थे, लेकिन 19वें मैच में दक्षिण अफ्रीका ने उसी मैदान पर भारत को शिकस्त दे दी और जीत का सिलसिला समाप्त कर दिया। 2023 से 2026 तक एक विजय साइकल कंप्लीट होने के बाद भारतीय टीम के विजयी अभियान ने उसी हारे हुए मैदान पर फिर से दम तोड़ दिया।
साउथ अफ्रीका ने इस जीत के साथ भारतीय टीम के टी-20 क्रिकेट में बादशाहत को भी खत्म कर दिया है। मल्टीनेशनल टी-20 टूर्नामेंट में भारत की आखिरी हार 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। उसके बाद भारतीय टीम ने इस फॉर्मेट में अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए ना सिर्फ 2024 का टी-20 वर्ल्ड कप जीता बल्कि 2025 का एशिया कप भी बिना एक भी मुकाबला हारे हुए अपने नाम किया। उसके बाद टी-20 विश्व कप 2026 में भारत ने लगातार चार जीत हासिल की और अब हारा। 2022 सेमीफाइनल के बाद भारत मल्टीनेशनल टूर्नामेंट के कुल 23 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 21 में जीत मिली है, एक (आज का मैच) में हार और एक का रिजल्ट नहीं निकला।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम की इस हार का सबसे मुख्य कारण उसकी सलामी जोड़ी का शर्मनाक और लगातार फ्लॉप होना रहा है। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय ओपनिंग साझेदारी ताश के पत्तों की तरह ढहती रही है। आंकड़ों पर नजर डालें तो इस विश्व कप में भारत की ओपनिंग पार्टनरशिप अमेरिका के खिलाफ 8 रन, पाकिस्तान के खिलाफ 1 रन और नीदरलैंड के खिलाफ 0 रन रही। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आज के निर्णायक मैच में भी यही सिलसिला जारी रहा और भारतीय ओपनर्स बिना कोई रन जोड़े (0 रन) ही पवेलियन लौट गए। इस खराब शुरुआत की वजह से भारत ने 10 ओवरों के भीतर ही अपने 5 मुख्य विकेट केवल 57 रन पर खो दिए, जिससे 188 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करना नामुमकिन हो गया।
इस टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाजों कम स्ट्राइक रेट भी चर्चा का विषय बना हुआ है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव, जिनका करियर स्ट्राइक रेट 163.17 है, इस विश्व कप में केवल 136.13 की दर से रन बना पाए हैं। यही हाल तिलक वर्मा का भी रहा है, जिनका स्ट्राइक रेट 142.27 से गिरकर 120.15 पर आ गया है। इसके विपरीत, दक्षिण अफ्रीका ने जबरदस्त फॉर्म दिखाया है। आज के मैच में जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने न केवल उस हार का बदला लिया, बल्कि भारत के 23 मैचों में 21 जीत वाले शानदार रिकॉर्ड को भी झटका दिया है।
अंततः, 187 रनों के मजबूत लक्ष्य के सामने भारतीय मध्यक्रम भी पूरी तरह पस्त नजर आया। स्पिनरों के खिलाफ रक्षात्मक रणनीति और दबाव में बाउंड्री न लगा पाना भारत की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर उभरा है। टी20 विश्व कप 2024 के बाद खेले गए 13 मैचों में भारत की यह पहली हार है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है। अब टीम इंडिया को अपने सलामी बल्लेबाजों के खराब फॉर्म और मध्यक्रम की धीमी बल्लेबाजी पर गंभीरता से आत्ममंथन करना होगा, क्योंकि नॉकआउट चरण में इस तरह की गलतियां विश्व कप जीतने के सपने को चकनाचूर कर सकती हैं। आने वाले मुकाबलों में भारत की वापसी अब पूरी तरह से उसकी बल्लेबाजी रणनीति में सुधार पर निर्भर करेगी।



