
धोनी की बायोपिक देख नौकरी छोड़ फिर क्रिकेट मैदान में उतरा 27 साल का क्रिकेटर, मचाएगा धमाल
फिल्म से प्रेरित होने की यह फिल्मी कहानी असली है। 27 साल के उस्मान तारिक को उनके बोलिंग ऐक्शन की वजह से मिस्ट्री स्पिनर कहा जाता है। मौके नहीं मिलने से निराश होकर तारिक ने क्रिकेट छोड़ दी थी। वह दुबई में नौकरी करने लगे थे। धोनी की बायोपिक देखने के बाद उनका क्रिकेट का जुनून फिर जाग गया।
एक युवा क्रिकेटर मौके नहीं मिलने से इतना निराश हुआ कि क्रिकेट ही छोड़ दिया। वह दुबई जाकर नौकरी करने लगा। तभी एक दिन उसने महेंद्र सिंह धोनी पर बनी फिल्म 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' देख ली। फिल्म का उस पर ऐसा असर पड़ा कि उसने एक बार फिर क्रिकेट के अपने सपने को पूरा करने की ठान ली। क्रिकेट को लेकर उसका जुनून फिर जाग गया। ठीक-ठाक नौकरी छोड़कर वह क्रिकेट के मैदान में पसीना बहाने लगा। लीग क्रिकेट में उसे मौका मिला तो धमाल मचा दिया और सब ठीक रहा तो जल्द ही इंटरनेशनल डेब्यू भी करने वाला है।

फिल्म से प्रेरित होने की यह फिल्मी कहानी असली है। इस क्रिकेटर का नाम है उस्मान तारिक। 27 साल के तारिक को मिस्ट्री स्पिनर कहा जाता है। वजह है अजीब बोलिंग स्टाइल। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रहे तीन टी20 मैच की सीरीज के लिए उसे पाकिस्तानी स्क्वाड में जगह मिली है। उनका कहना है कि क्रिकेट के अपने सपने को एक आखिरी मौका देने के लिए उन्होंने दुबई की अपनी नौकरी छोड़ दी।
तारिक ने टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट को बताया, 'जब मेरा चयन नहीं हुआ तब मैंने खेलना छोड़ दिया था। मैं दुबई की एक परचेजिंग कंपनी में सेल्समैन की नौकरी करता था। वहां मैंने एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी देखी और उसने मुझे बहुत प्रभावित किया। मैंने नौकरी छोड़ दी और फिर से क्रिकेट खेलने के लिए पाकिस्तान लौट आया।'
कहते हैं न कि मन के हारे हार है, मन की जीते जीत। तारिक का जुनून रंग लाया और उन्हें 2025 के कैरिबियन प्रीमियर लीग में जलवा बिखेरन का मौका मिल गया। लीग में उसने धमाल मचा दिया और उसमें दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। तारिक ने 20 विकेट झटके। लीग में उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ दिग्गज पूर्व स्पिनर इमरान ताहिर ने लिए थे। लीग में उनके दमदार प्रदर्शन ने पाकिस्तानी चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और अब वह अपने इंटरनेशनल डेब्यू की दहलीज पर खड़े हैं।
उस्मान तारिक के बोलिंग ऐक्शन पर सवाल भी उठे। 2024 में पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान उनके ऐक्शन को शुरुआत में अवैध ठहराया गया। बाद में उन्हें लाहौर में बायोमकैनिकल टेस्ट में क्लीन चिट मिली।
तारिक का कहना है कि जन्म से ही उनकी दाहिनी कोहिनी थोड़ी अलग रही है। उसके दो कोने हैं, इसलिए उनका ऐक्शन भी थोड़ा अलग है।






