IPL के बाद पंजाब किंग्स की नजर अब WPL फ्रेंचाइजी पर; मालिक मोहित बर्मन ने बताई हसरत
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) भले ही महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का तत्काल विस्तार नहीं करना चाहता हो, लेकिन पंजाब किंग्स की नजर इसकी भी फ्रेंचाइजी पर है। आईपीएल टीम पंजाब किंग्स के सह-मालिक मोहित बर्मन का कहना है कि फ्रेंचाइजी इस टूर्नामेंट में किसी समय एक टीम का मालिक बनना पसंद करेगी।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) भले ही महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का तत्काल विस्तार नहीं करना चाहता हो, लेकिन पंजाब किंग्स की नजर इसकी भी फ्रेंचाइजी पर है। आईपीएल टीम पंजाब किंग्स के सह-मालिक मोहित बर्मन का कहना है कि फ्रेंचाइजी चार सत्र पुराने इस टूर्नामेंट में किसी समय एक टीम का मालिक बनना पसंद करेगी।
वर्तमान में डब्ल्यूपीएल में आईपीएल फ्रेंचाइजी के स्वामित्व वाली तीन टीमें- मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स हैं।
बीसीसीआई की मौजूदा पांच टीमों वाली डब्ल्यूपीएल में और टीमें जोड़ने की कोई तत्काल योजना नहीं है, लेकिन बर्मन वैश्विक स्तर पर इस खेल के विकास को लेकर आशान्वित हैं और इसलिए महिला लीग से भी जुड़ना चाहते हैं।
पंजाब किंग्स में 48 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले बर्मन ने पीटीआई से कहा, ‘डब्ल्यूपीएल ने बहुत कम समय में ही महिला क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में अपनी पहचान बना ली है। महिला क्रिकेट की प्रगति शानदार रही है। हमने शुरू में महिला क्रिकेट में निवेश नहीं किया और इसे अविश्वास के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।’
उन्होंने कहा, ‘व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि महिला क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। हम एक महिला आईपीएल टीम (डब्ल्यूपीएल) के मालिक बनना चाहेंगे।’
बर्मन का मानना है कि डब्ल्यूपीएल और भारतीय महिला टीम की हालिया सफलता ने लोगों में काफी रुचि पैदा की है।
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पिछले साल पहली बार महिला वनडे विश्व कप जीता था और उसे अगले महीने इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप में भी खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
बर्मन ने कहा, ‘आज की युवा लड़कियां महिला क्रिकेटरों का प्रमुख खेल हस्तियों और सक्षम पेशेवर खिलाड़ियों के रूप में अनुसरण कर सकती हैं। इससे खेल का भविष्य पूरी तरह बदल जाता है।’
आईपीएल के चेयरमैन अरुण धूमल ने पिछले साल पीटीआई को बताया था कि बोर्ड की फिलहाल डब्ल्यूपीएल में नई टीम जोड़ने की कोई योजना नहीं है।
धूमल ने कहा था, ‘फिलहाल हम किसी भी टीम को शामिल करने का फैसला करने से पहले अपनी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं। अभी हमारी डब्ल्यूपीएल में नई टीम जोड़ने की कोई योजना नहीं है।’
बीसीसीआई ने 2023 में आईपीएल की तर्ज पर महिला प्रीमियर लीग यानी वूमन प्रीमियर लीग (WPL) लॉन्च की थी। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई में WPL के पहले सीजन की विजेता मुंबई इंडियंस रही थी। 2024 में स्मृति मंधाना के नेतृत्व में आरसीबी ने खिताब पर कब्जा किया। उसके अगले साल मुंबई इंडियंस एक बार फिर चैंपियन बनी। WPL 2026 का खिताब स्मृति मंधाना की अगुआई में एक बार फिर आरसीबी ने जीता।
WPL में फिलहाल कुल 5 टीमें हैं- मुंबई इंडियंस, आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जॉइंट्स और यूपी वॉरियर्स। गुजरात जॉइंट्स का आईपीएल टीम गुजरात टाइटन्स से कोई रिश्ता नहीं है। वहीं यूपी वॉरियर्स का भी लखनऊ सुपर जॉइंट्स से कोई रिश्ता नहीं है। मुंबई इंडियंस, आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स का स्वामित्व इस नाम वाली आईपीएल फ्रेंचाइजियों के ही पास है।
(भाषा से इनपुट के साथ)
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


