न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को थमाई ऐतिहासिक हार, T20 वर्ल्ड कप में टिम सीफर्ट का बल्ला गरजा
न्यूजीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान को ऐतिहासिक हार थमाई है। न्यूजीलैंड ने चेन्नई के मैदान पर 183 रनों का टारगेट चेज किया। मैच में टिम सीफर्ट का बल्ला गरजा।

टिम सीफर्ट के तेजतर्रार अर्धशतक से न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी मैच में रविवार को चेन्नई में अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने सीफर्ट की 42 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 65 रन की पारी की बदौलत 17.5 ओवर में पांच विकेट पर आसान जीत दर्ज की। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अफगानिस्तान के खिलाफ चेज किया गया सबसे बड़ा टारगेट है।
सीफर्ट और फिलिप्स की अहम साझेदारी
सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर सीफर्ट ने ग्लेन फिलिप्स (42 रन, 25 गेंद, सात चौके, एक छक्का) के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 गेंद में 74 रन की साझेदारी भी की, जिससे न्यूजीलैंड की टीम दूसरे ओवर में 14 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद वापसी करने में सफल रही। अफगानिस्तान ने अनुभवी गुलबदिन नायब (63 रन, 35 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के शानदार अर्धशतक और सेदिकुल्लाह अटल (29 रन, 24 गेंद) के बीच उनकी तीसरे विकेट की 51 गेंद में 79 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 182 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्युसन सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 40 रन देकर दो विकेट चटकाए।
मुजीब ने कीवी टीम को दिया डबल झटका
लक्ष्य का पीछा करने उतरे न्यूजीलैंड को स्पिनर मुजीब उर रहमान (31 रन पर दो विकेट) ने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (1) और रचिन रविंद्र (0) को लगातार गेंदों पर बोल्ड करके दोहरा झटका दिया। सीफर्ट ने इसके बाद फिलिप्स के साथ मिलकर पारी को संभाला। उन्होंने ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी की गेंद पर छक्के के साथ 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। फिलिप्स ने अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान को निशाना बनाते हुए उनकी लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा। राशिद ने फिलिप्स को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा जबकि नवी ने सीफर्ट को अजमतुल्लाह उमरजई के हाथों कैच कराके अफगानिस्तान को वापसी दिलाने की कोशिश की। मार्क चैपमैन (28), डेरिल मिचेल (नाबाद 25) और कप्तान मिचेल सेंटनर (नाबाद 17) ने हालांकि न्यूजीलैंड की जीत सुनिश्चित की।
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान को न्यूजीलैंड की अनुशासित गेंदबाजी के सामने मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गुलबदिन और सेदिकुल्लाह ने अच्छी साझेदारी की लेकिन बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना पाए। अफगानिस्तान ने पावर प्ले में दो विकेट पर 44 रन बनाकर सतर्क शुरुआत की। बीच के ओवरों में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने शिंकजा कसा लेकिन अंतिम पांच ओवर में अफगानिस्तान की टीम 52 रन जुटाकर स्कोर 180 रन के पार पहुंचाने में सफल रही। सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (27 रन, 22 गेंद) अच्छी लय में दिख रहे थे। उन्होंने कुछ बेहतरीन स्कूप शॉट भी खेले लेकिन छठे ओवर में तेज गेंदबाज फर्ग्युसन की धीमी गेंद पर बोल्ड हो गए। छठे ओवर की अंतिम गेंद पर फर्ग्युसन ने सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (10) को भी ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच करा दिया।
गुलबदिन ने 29 गेंद में अर्धशतक लगाया
गुलबदिन ने 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने तेज गेंदबाज जैकब डफी को दो छक्के और एक चौका लगाया जिससे अफगानिस्तान को बीच के ओवरों में कुछ गति मिली। सेदिकुल्लाह ने उनका अच्छा साथ दिया लेकिन तेजी से रन जुटाने में विफल रहे। डफी ने उन्हें विकेटकीपर सीफर्ट के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। गुलबदिन और दरवेश रसूली (20 रन, 13 गेंद) ने इसके बाद 17 गेंद में तेजी से 33 रन जोड़े और अफगानिस्तान का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया। गुलबदिन 18वें ओवर में कामचलाऊ स्पिनर रचिन रविंद्र की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे जिससे अंतिम ओवरों में अफगानिस्तान की रन गति प्रभावित हुई। अजमतुल्लाह उमरजाई (14) ने दो छक्के लगाकर टीम का स्कोर 180 रन के पार पहुंचाया।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



