टी20 वर्ल्ड कप में 'करो या मरो' की कगार पर अफगानिस्तान, सुपर ओवर के झटके के बाद बड़ी जीत पर नजर
अफगानिस्तान टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 'करो या मरो' की कगार पर है। सुपर ओवर के झटके के बाद अफगानिस्तान की अब यूएई के खिलाफ बड़ी जीत पर नजर होगी। दोनों टीमें सोमवार को भिड़ेंगी।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में सुपर ओवर की हार से आहत अफगानिस्तान सोमवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी के करो या मरो के मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करके सुपर आठ में पहुंचने की अपनी धुंधली उम्मीद बरकरार रखने की कोशिश करेगा। दोनों टीम अपने पिछले मुकाबलों में विपरीत परिणामों के साथ इस मुकाबले में उतर रही हैं। यूएई ने कनाडा को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की, जबकि अफगानिस्तान को अपने पिछले मैच में दो सुपर ओवर तक खींचे जाने के बावजूद दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा। इसे टी20 के सबसे शानदार मैचों में से एक बताया जा रहा है।
ग्रुप डी में ये दो शीर्ष स्थानों पर काबिज
दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड क्रमशः छह और चार अंकों के साथ ग्रुप डी में शीर्ष दो स्थानों पर काबिज हैं, ऐसे में यूएई की क्वालीफाई करने की उम्मीदें जीत और अन्य मैचों में अनुकूल परिणामों के अनुकूल रहने पर टिकी हैं। दूसरी ओर अफगानिस्तान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेहद करीबी हार के बाद अपना खाता खोलने के लिए बेताब होगा। उसे न केवल अपने बचे हुए मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे, बल्कि प्रतियोगिता में बने रहने के लिए अन्य मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। इससे पहले न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी और जबकि कनाडा के खिलाफ भी उसे जीत हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा था।
अफगानिस्तान की स्पिन तिकड़ी मजबूत
कनाडा के खिलाफ यूएई के शीर्ष और मध्य क्रम के बल्लेबाज विशेष रूप से संघर्ष करते दिखे। लेकिन सलामी बल्लेबाज आर्यंश शर्मा (53 गेंदों में 74 रन) ने पारी को संभाला। इसके बाद शोएब खान की 29 गेंदों में 51 रन की पारी ने टीम को शानदार वापसी दिलाने में मदद की। हालांकि, यूएई की बल्लेबाजों को अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी की मजबूत स्पिन तिकड़ी के सामने कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। कनाडा पर जीत के बाद यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम ने कहा था, ''मुझे लगता है कि हमें सातवें से 15वें और 16वें ओवर तक बीच के ओवरों में अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा। हमें इस पर ध्यान देना होगा। इसलिए आगामी मैचों में हम इस पर काम करेंगे और खेल का यही वह हिस्सा है जिस पर हमें काम करना होगा।''
यूएई के गेंदबाजों ने लय हासिल कर ली
यूएई की गेंदबाजी इकाई ने कनाडा के खिलाफ लय हासिल कर ली, जिसमें तेज गेंदबाज जुनैद सिद्दीकी ने पांच विकेट लिए, लेकिन रहमानुल्लाह गुरबाज, गुलबदीन नायब और अजमतुल्लाह उमरजाई जैसे बल्लेबाजों को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत पड़ेगी। गुरबाज ने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 गेंदों में 84 रन बनाकर अफगानिस्तान क स्कोर 187 रन तक पहुंचाया। इसके बाद दूसरे सुपर ओवर में उन्होंने लगातार तीन छक्के लगाए, लेकिन अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। उमरजई ने भी तीन विकेट लिए, जबकि राशिद ने दो विकेट हासिल किए। मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा।
अफगानिस्तान: राशिद खान (कप्तान), इब्राहिम जादरान (उपकप्तान), दरविश रसूली, मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, शाहिदुल्लाह, अब्दुल्ला अहमदजई, फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, जियाउर रहमान।
यूएई: मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, आर्यांश शर्मा, ध्रुव पराशर, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मयंक कुमार, मुहम्मद अरफान, मुहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह, हैदर शाह, रोहिद खान, सोहैब खान, सिमरनजीत सिंह।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



