बड़ा अभागा निकला अफगानिस्तान, अंपायर से भी नहीं मिला साथ; हाथ से छिटके 2 गेंदों पर 2 विकेट
अफगानिस्तान भारत में यह टेस्ट हारने आया है। ना उन्हें अंपायरों का साथ मिल रहा है ना ही कप्तान DRS का सही इस्तेमाल कर पा रहा है। बैक टू बैक दो गेंदों पर अफगानिस्तान ने शुभमन गिल और ऋषभ पंत को आउट होने के मौके गंवाए।

अफगानिस्तान क्या भारत में यह टेस्ट हारने के इरादे से आया है? क्या अफगानिस्तान भारत को जीत थाली में परोस कर देना चाहता है? मुल्लांपुर में जारी इंडिया वर्सेस अफगानिस्तान टेस्ट के बीच क्रिकेट के गलियारों में ऐसे सवाल उठ रहे हैं। अफगानिस्तान को ना तो इस मैच में अंपायर का साथ मिल रहा है और ना ही उनके कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी DRS का सही से इस्तेमाल कर पा रहे हैं। मैच के पहले दिन केएल राहुल के बैट पर गेंद लगी थी जो विकेट कीपर ने पकड़ी थी। अंपायर ने भारतीय ओपनर को आउट नहीं दिया और ना ही अफगानिस्तान ने DRS का इस्तेमाल किया। अब मैच के दूसरे दिन अफगानिस्तान ने बैक टू बैक दो गेंदों पर शुभमन गिल और ऋषभ पंत को आउट करने के मौके गंवाए। इसमें गलती अंपायरों के ढीले रवैये की भी है।
भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत 368 रनों से की, शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। अफगानिस्तान ने एक चौका लगने के बाद 87वें ओवर में नई गेंद ली। जैसे ही नई गेंद एक्शन में आई अफगानिस्तान ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करना शुरू कर दिया।
ड्रामा 89वें ओवर में हुआ अजमतुल्लाह उमरजई ने ओवर की चौथी गेंद पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल को विकेट के आगे फंसाया। गेंद उनके पैड पर सीधा जाकर लगी, मगर अंपायर ने आउट नहीं दिया। ऐसा लग रहा था कि गिल का बैट पहले लगा है। अफगानिस्तान के खिलाड़ी DRS लेने ना लेने की बात करने के लिए एकत्रित हुए, मगर कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी इस दौरान काफी ढीले नजर आए। 15 सेकंड कब खत्म हो गए पता ही नहीं चला।
अंपायरों की चूक और अफगानिस्तान के ढीले रवैये ने उनसे शुभमन गिल का विकेट लेने का मौका छीन लिया। जब रिप्ले सामने आया तो पाया गया कि शुभमन गिल साफ-साफ LBW आउट थे, गेंद उनके बैट पर भी नहीं लगी थी।
शुभमन गिल ने इस गेंद पर एक रन ले लिया था, जिस वजह से अगली गेंद पर ऋषभ पंत स्ट्राइक पर आए।
अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार लाइन और लेंथ पर इस बार ऋषभ पंत को फंसाया, गेंद पंत के बल्ले का किनारा लेकर विकेट कीपर के दस्तानों में गई। अंपायर ने इस बार भी भारतीय बल्लेबाज का साथ दिया और आउट नहीं दिया। हशमतुल्लाह शाहिदी ने इस बार भी DRS का इस्तेमाल नहीं किया और अफगानिस्तान ने बैक टू बैक दूसरा विकेट लेने का मौका गंवाया।
ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है जब अंपायरों की चूक और अफगानिस्तान के DRS ना लेने के गलत फैसले की वजह से उन्हें विकेट ना मिल रहे हो। पहले दिन केएल राहुल के साथ भी ऐसा हुआ था। केएल राहुल विकेट के पीछे आउट हुए थे, उनके बल्ले का किनारा लगा था। उस समय भी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था और ना ही अफगानिस्तान ने DRS का इस्तेमाल किया था।
तीन-तीन बार अगर कोई टीम ऐसी गलतियां करेगी तो यह कहना गलती नहीं होगा कि वह जीत थाली में परोस कर दे रही है।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


