वर्ल्ड कप में ज्यादा टीमें क्यों जरूरी? कप्तान राशिद खान ने बताया, 700वें शिकार पर गड़ाई नजर
अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान का मानना है कि वर्ल्ड कप में ज्यादा टीमों का खेलना अच्छी बात है। अफगानिस्तान टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का 2026 में रविवार से अपना अभियान शुरू करेगी।

अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टी20 वर्ल्ड कप के मौजूदा चरण से 20 टीम के विस्तार का स्वागत करते हुए शनिवार को कहा कि इससे और अधिक देशों के खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का 2026 चरण टीम की संख्या के लिहाज से अब तक का सबसे बड़ा टूर्नामेंट है।
'आप जीतें या हारें, फर्क नहीं पड़ता'
न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर राशिद ने कहा, ''विश्व कप में ज्यादा टीम का होना हमेशा अच्छा है। इससे कई देश इसमें शामिल होगें और आपको बहुत नई प्रतिभाएं देखने को मिलेंगी। अलग-अलग टीमें आती हैं। मुझे लगता है कि इसी तरह विश्व कप और बड़ा बनता जाता है। '' उन्होंने कहा, ''आप जीतें या हारें, इससे फर्क नहीं पड़ता। लेकिन आप दुनिया को यह दिखाते हैं कि आप किसी भी टीम को, कभी भी हरा सकते हैं, बशर्ते आपके अंदर वह विश्वास हो।"
ग्रुप डी का हिस्सा अफगानिस्तान टीम
अफगानिस्तान ग्रुप डी में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के साथ है और राशिद ने कहा कि टीम मुश्किल सफर के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ''विश्व कप में चीजें आसानी से नहीं मिलतीं, यह हमेशा मुश्किल होता है और यही टी20 क्रिकेट की खूबसूरती है। कुछ बड़ा हासिल करने के लिए आपको कठिन दौर से गुजरना पड़ता है। मुझे लगता है कि यही हमारे लिए एक चुनौती है। अगर आप बड़ी उपलब्धियां हासिल करना चाहते हैं तो आपको मुश्किल रास्तों से गुजरना होगा और हमारे सामने कड़ी प्रतिस्पर्धा है।'' राशिद ने कहा, ''आपको अपने ऊपर विश्वास बनाए रखना होता है और मैदान पर खुद को आगे बढ़ाते रहना होता है। जैसा कि हमने 2024 विश्व कप में किया, जहां हमने बड़ी टीमों को हराया था।''
आईपीएल का अनुभव काम आएगा
लेग स्पिनर राशिद ने कहा कि आईपीएल में खेलने का अनुभव इस टूर्नामेंट में अफगान खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने कहा, ''हमारे पास अच्छे स्पिनर हैं। आपको अच्छी गेंदबाजी करनी होती है। विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा लग रहा है, लेकिन यहां आईपीएल में काफी खेलने के अनुभव का इस्तेमाल करना जरूरी है। इसलिए यह एक अच्छा मुकाबला होने वाला है। '' राशिद सभी टी20 प्रतियोगिताओं में 700 विकेट पूरे करने से चार विकेट दूर हैं और उन्हें अपने प्रदर्शन पर गर्व है। उन्होंने कहा, ''मैंने नौ-दस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है और उसके बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज बनना मेरे लिए सपने से बढ़कर है। टी20 क्रिकेट 2004-05 के आसपास आया। मैंने कभी अपने विकेट नहीं गिने, मुझे मीडिया से ही पता चलता है कि मैंने 400, 500 या 600 विकेट पूरे कर लिए हैं।''
'700 विकेट कोई छोटी बात नहीं है'
उन्होंने कहा, ''मैं हर दिन अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं। मुझे टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना है, विकेट लेने हैं और कठिन परिस्थितियों में गेंदबाजी करनी है। यही चीज मुझे केंद्रित रखती है। '' राशिद ने कहा, ''मैं आज भी कभी-कभी सोचता हूं कि 700 विकेट कोई छोटी बात नहीं है। वहां तक पहुंचने के लिए बहुत समय और कड़ी मेहनत चाहिए। लेकिन मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं और बेहद खुश हूं कि मैं इस मुकाम तक पहुंच रहा हूं।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



