अफगानिस्तान की टीम को क्यों मिली हार? कप्तान इब्राहिम जादरान ने बताया मैच का टर्निंग पॉइंट
अफगानिस्तान की टीम के कप्तान इब्राहिम जादरान ने बताया है कि उनकी टीम को हार क्यों मिली और वह कौन सा टर्निंग पॉइंट था, जहां से भारतीय टीम ने मैच का रुख पूरी तरह अपनी ओर मोड़ लिया।

नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय टीम के हाथों अफगानिस्तान को करारी हार मिली। अफगानिस्तान की मेजबानी में खेल रही भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और मेजबानों को 156 रनों पर रोक दिया। टीम इंडिया ने महज 13.4 ओवर में 7 विकेट शेष रहते मैच को खत्म कर दिया। अभिषेक शर्मा के आगे अफगानिस्तान के गेंदबाजों की एक नहीं चली। हालांकि, अफगानिस्तान की टीम के कप्तान इब्राहिम जादरान ने मैच का टर्निंग पॉइंट खुद के रन आउट को बताया है।
अफगानिस्तान की टीम के कप्तान इब्राहिम जादरान से पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में पूछा गया कि मैच के नतीजे और बोर्ड पर ज्यादा रन नहीं होने पर आपका क्या कहना है तो इस पर उन्होंने कहा, "हां, हमें वह नतीजा नहीं मिला जो हम चाहते थे। मैं कहूंगा कि हमने तीन ओवर में अच्छी शुरुआत की, फिर हमने अच्छा योगदान नहीं दिया। हमने उन्हें लगातार दो विकेट दिए और उन्होंने हम पर दबाव डाला, और हमने बीच के ओवरों में अच्छी बैटिंग की, लेकिन हम बोर्ड पर उतने रन नहीं बना पाए जितने हम चाहते थे।"
रन आउट था टर्निंग पॉइंट- जादरान
अफगानी कप्तान ने आगे मैच के टर्निंग पॉइंट के बारे में बताया और कहा, "उनके बॉलर्स और उनके फील्डर्स ने सच में बहुत अच्छा खेल दिखाया। मैं कहूंगा कि वह रन-आउट (खुद कप्तान का), टर्निंग पॉइंट था। ईशान किशन ने बॉल पकड़ी और बॉलर को फेंकी। हां, मैं कहूँगा कि वह टर्निंग पॉइंट था, उन्हें मोमेंटम मिल गया।"
ये मामला अफगानिस्तान की पारी के चौथे ओवर का है, जब अक्षर पटेल की गेंद को जादरान ने मिड विकेट की ओर खेला था, जहां ईशान किशन फील्डिंग कर रहे थे। ईशान ने डीप मिड विकेट से अपने बाएं ओर जाकर गेंद को तेजी से कलेक्ट किया और नॉन स्ट्राइक एंड पर थ्रो किया। उधर, जादरान की नजर दूसरा रन लेने पर थी, गेंद पर उनकी नजर नहीं थी। ऐसे में वे दूसरे रन के लिए दौड़े और सामने वाले बल्लेबाज ने उनसे मना भी किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी।
रहमानुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह उमरजई के दो अहम विकेटों पर कप्तान बोले, "हां, बिल्कुल, वे सबसे अच्छी फील्डिंग वाली टीम हैं और जैसा कि मैंने कहा, जिस तरह से ईशान किशन ने बॉल को पकड़ा और उसे एकदम सही फेंका, तो वह टर्निंग पॉइंट था और गुरबाज का आज दिन नहीं था। मैं कहूंगा कि वह और मजबूत होकर वापस आएगा। हम उससे यही उम्मीद करते हैं और हां, इंडिया ने बॉलिंग और फील्डिंग डिपार्टमेंट में अच्छा किया।"



