अभिषेक पोरेल को झटका, रेप केस में जमानत अर्जी खारिज; 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
अभिषेक पोरेल के शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने के आरोप से जुड़े मामले में कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को शुक्रवार को चिनसुरा कोर्ट ने शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने के आरोप से जुड़े मामले में जमानत देने से इनकार कर दिया और 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर एक छात्रा ने शादी का वादा करके कथित तौर पर यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पोरेल को मोगरा पुलिस ने उत्तर 24 परगना जिले के दम दम स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था। उन्हें इस मामले में पहली बार 11 अगस्त को कोर्ट में पेश किया गया था और तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था। इससे पहले कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मामले में पोरेल की गिरफ्तारी का निर्देश देने के साथ ही शिकायतकर्ता की तस्वीरों के प्रसार को रोकने के लिए उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने का भी आदेश दिया था।
मेडिकल छात्रा ने दर्ज कराई शिकायत
कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोगरा पुलिस स्टेशन में पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि वे लगभग साढ़े तीन साल से 'रिलेशनशिप' में थे और शादी करने की योजना बना रहे थे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों ने एक साथ विदेश यात्रा की थी लेकिन पोरेल ने बाद में अपने रिश्ते से इनकार कर दिया जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था जिसके बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया था लेकिन उस समय कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई थी।
धमकी और अन्य अपराधों के आरोप भी शामिल
जून की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और टीमें चंदननगर में पोरेल के आवास पर कई बार गईं लेकिन वह वहां नहीं मिले। महिला ने बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जिसके बाद अदालत ने पुलिस को 20 जुलाई को पोरेल को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। क्रिकेटर पर बलात्कार के आरोप के अलावा आपराधिक धमकी और अन्य अपराधों के आरोप भी शामिल हैं। पोरेल ने पहले आरोपों से इनकार किया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने पोरेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में पोरेल के एक मित्र को भी आरोपी बनाया गया है, जिसकी अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बाएं हाथ के बल्लेबाज पोरेल 2023 से इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं। पिछले सीजन में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए चार पारियों में 108 रन बनाए थे।



