अभिषेक शर्मा का ‘अपना लक पहन कर चलो’ टोटका भी नहीं आया काम, सिराज की जर्सी पहने पर नहीं बदली किस्मत
नीदरलैंड के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा ने 'अपना लक पहन कर चलो' जैसा टोटका तक आजमाया। मोहम्मद सिराज की जर्सी पहनकर खेलने उतरे कि शायद इससे शून्य की हैट्रिक न लगे, लेकिन कहानी नहीं बदली। 3 गेंद खेलने के बाद वह टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट हो गए।

टी20 फॉर्मेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला वर्ल्ड कप में कुछ ऐसे रुठा है कि स्टार बैटर अब तक खेले तीन मैचों में खाता तक नहीं खोल पाया है। 25 साल के इस बल्लेबाज के लिए 2026 अभी तक इतना 'अनलकी' साबित हुआ है कि वह 5 बार डक का शिकार हो चुके हैं। नीदरलैंड के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा ने 'अपना लक पहन कर चलो' जैसा टोटका तक आजमाया। मोहम्मद सिराज की जर्सी नंबर 73 पहनकर खेलने उतरे कि शायद इससे शून्य की हैट्रिक न लगे, लेकिन कहानी नहीं बदली। 3 गेंद खेलने के बाद वह टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट हो गए। इससे पहले अमेरिका और पाकिस्तान के खिलाफ भी वह बिना खाता खोले आउट हुए थे।
अभिषेक शर्मा अब टी20 वर्ल्ड कप में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का अनचाहा रिकॉर्ड बना चुके हैं। तेज गेंदबाज आशीष नेहरा के नाम भी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीन डक हैं। वैसे अगर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बात करें तो टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी और श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशाद के नाम है जो 5 बार खाता खोलने में नाकाम रहे थे।
बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभिषेक शर्मा जब बैटिंग के लिए उतरे तब कॉमेंट्री कर रहे इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने उनकी जर्सी को लेकर कॉमेंट किया कि लक बदलने के लिए अलग टॉप पहना है। जब शर्मा आउट हुए तब हुसैन को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। उन्होंने हैरान होते हुए कहा, 'आउट, लगातार तीसरा डक। क्या आप विश्वास करेंगे? इस फॉर्मेट के नंबर वन बैटर ने 0, 0 और 0 से शुरुआत की है।'
मैच शुरू होने से पहले महान सुनील गावस्कर ने अभिषेक शर्मा के लिए कहा था कि रन का सूखा खत्म करने के लिए सिंगल लीजिए।
गावस्कर ने स्पोर्ट्स टुडे पर कहा था, 'मेरी अभिषेक शर्मा को बिन मांगी सलाह है- सबसे पहले गेंद को सिंगल के लिए मारिए। बस ये करिए। उसके बाद आप ताबड़तोड़ खेलते रहिए। लेकिन पहले एक सिंगल लीजिए। तेजी से दौड़ते हुए एक तेज सिंगल से शुरुआत कीजिए।'
नीदरलैंड के खिलाफ भारत के इस मैच का विश्व कप के सुपर-8 चरण के लिहाज से कोई महत्व नहीं था क्योंकि टीम पहले ही अगले राउंड में पहुंच चुकी थी। इस मैच में अभिषेक शर्मा से उम्मीदें थीं कि बिना दबाव वाले इस मुकाबले में वह डक के तिलिस्म को तोड़कर सुपर-8 से पहले आत्मविश्वास हासिल कर लेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए। अभिषेक शर्मा तो शून्य पर आउट हुए ही, ईशान किशन भी कुछ खास नहीं कर पाए। वह 7 गेंदों में 18 रन बनाकर आर्यन दत्त का शिकार बने। तिलक वर्मा ने 31 और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 34 रन बनाए। शिवम दुबे ने 31 गेंदों में 66 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर भारत को 190 के पार जाने में अहम योगदान दिया। हार्दिक पांड्या ने भी 30 बहुमूल्य रन बनाए।
जवाब में नीदरलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर महज 176 रन बना पाई। इस तरह भारत ने इस मैच को 17 रन से जीत लिया। इस टी20 विश्व कप में टीम इंडिया की ये लगातार चौथी जीत है। अब उसका अगला मुकाबला सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वी से है। शिवम दुबे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


