अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे में रचा गजब का इतिहास, T20I में भारतीय ओपनर ने पहली बार किया ऐसा
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रचा, जो कोई और भारतीय ओपनर नहीं कर सका।

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा जिम्बाब्वे में शुरुआती दो मैचों में बल्ले से फ्लॉप रहे। उन्होंने हरारे में पहले मैच में एक रन बनाया जबकि दूसरे टी20 में 8 गेंदों का सामना करने के बाद 8 रन बटोरे। हालांकि, 25 वर्षीय अभिषेक दूसरे मुकाबले में गेंद से छाप छोड़ने में सफल रहे। उन्होंने 2.5 ओवर के स्पेल में महज 17 रन दिए और तीन विकेट चटकाए। उन्होंने गजब का इतिहास रच डाला है। एक टी20 इंटरनेशनल मैच में किसी भारतीय ओपनर ने गेंदबाजी करते हुए पहली बार इस तरह का प्रदर्शन किया है। भारत ने 219/5 का स्कोर खड़ा करने के बाद मेजबान टीम को 17.5 ओवर में 129 पर समेटा और 90 रनों से जीत दर्ज की। लेफ्ट-आर्म स्पिनर अभिषेक ने मैच में सर्वाधिक विकेट चटकाए। यश ठाकुर, प्रिंस यादव ने दो-दो जबकि रवि बिश्नोई, शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने एक-एक शिकार किया।
अभिषेक शर् ने खास क्लब में मारी एंट्री
अभिषेक ने एक खास क्लब में एंट्री कर ली है। वह बतौर भारतीय ओपनर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले तीसरे क्रिकेटर बन गए हैं। टेस्ट फॉर्मेट में भारत के लिए ओपनर के रूप में वीनू मांकड़ ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। उन्होंने साल 1952 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में 52 रन देकर 8 विकेट झटके थे। वहीं, वनडे क्रिकेट का रिकॉर्ड रवि शास्त्री का नाम दर्ज है। शास्त्री ने 1991 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध वनडे मैच में सिर्फ 15 रन खर्च करने के बाद पांच विकेट हासिल किए थे। बता दें कि कप्तान श्रेयस अय्यर ने दूसरे टी20 में अभिषेक को पार्ट टाइम बॉलर के रूप में आजमाया और उन्होंने जिम्बाब्वे के पुछल्ले बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। ब्रैड इवांस (19), न्यूमैन न्यामहुरी (3) को बोल्ड किया और रिचर्ड न्गारावा (1) को रिंकू सिंह के हाथों लपकवाया। न्गारावा जिम्बाब्वे की ओर से आउट होने वाले आखिरी प्लेयर रहे।
भारतीय ओपनर के अलग-अलग फॉर्मेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े
टेस्ट: वीनू मांकड़ – 8/52 बनाम पाकिस्तान (1952)
वनडे: रवि शास्त्री – 5/15 बनाम ऑस्ट्रेलिया (1991)
T20I: अभिषेक शर्मा – 3/17 बनाम जिम्बाब्वे (2026)
ईशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ने दूसरे टी20 में विशाल स्कोर बनाया था। अभिषेक के अलावा वैभव सूर्यवंशी (20) भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। कप्तान श्रेयस ने 25 और रिंकू ने 12 रनों का योगदान दिया। भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना रखी है। सीरीज का तीसरा मैच रविवार को आयोजित होगा।



