
फीकी पड़ गई है मोहम्मद शमी की रफ्तार, तेज गेंदबाज के फैन एबी डिविलियर्स ने वापसी का तरीका बताया
संक्षेप: एबी डिविलियर्स का मानना है कि मोहम्मद शमी अब भारतीय टीम के प्लान का हिस्सा नहीं हैं और उनकी स्पीड भी कम हुई है। हालांकि डिविलियर्स ने उम्मीद जताई है कि तेज गेंदबाज शमी वापसी कर सकते हैं।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी टेस्ट के बाद वनडे टीम में भी जगह नहीं बना पाए हैं। भारतीय वनडे टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना हो गई है। शमी ने आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और वरुण चक्रवर्ती के साथ देश के शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। शमी टखने और घुटने की बार बार होने वाली चोटों से जूझ रहे हैं जिसके लिए 2023 विश्व कप के बाद उनकी सर्जरी हुई थी। शमी के टीम से बाहर होने पर एबी डिविलियर्स ने भी हैरानी जताई है।

एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''भारत की तरफ से ये बड़ा फैसला है। ऐसा लग रहा है कि वे उनसे आगे बढ़ गए हैं। मैं पीछे की स्टोरी नहीं जानता, अगर वह चोट से उबर रहे हों। शायद उनकी रफ्तार भी कम हुई है और अब उसमें वो पहले जैसी तेजी नहीं रही। ये सब इसमें भूमिका निभा सकते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि उसके लिए सफर खत्म हो गया है।''
पैंतीस वर्षीय शमी पिछले कुछ समय से भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं। वह भारत के लिए अंतिम बार जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेले थे। उन्होंने आगे कहा, ''मुझे लगता है कि अगर वह थोड़ा स्पीड बढ़ा सकें, पिछले कुछ समय में उनकी रफ्तार कम हुई है और शायद यही वजह है कि वह टीम में नहीं है। लेकिन उम्मीद है कि वह अच्छी वापसी करेगा। मैं शमी का बहुत बड़ा फैन हूं, वह एक बेहतरीन गेंदबाज है। वह हमेशा बल्लेबाजों से सवाल पूछता है।''
ऑस्ट्रेलिया के 19 अक्टूबर से शुरू हो रहे दौरे के लिए भारत की सीमित ओवरों की टीम में जगह नहीं मिलने के बारे में पूछे जाने पर मोहम्मद शमी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मुझे इस पर बात करके विवाद खड़ा करने की जरूरत नहीं है। अगर मैं चार दिवसीय (रणजी ट्रॉफी) खेल सकता हूं तो मैं 50 ओवरों का क्रिकेट भी खेल सकता हूं। ’’
शमी ने कहा कि चयनकर्ताओं को अपनी फिटनेस की जानकारी देना उनका काम नहीं है। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए टीम की घोषणा के बाद कहा था कि उनके पास शमी की फिटनेस के बारे में कोई जानकारी नहीं है।






