जूनियर सहवाग का लगातार मैच में टूटा दिल, ऑस्ट्रेलिया U19 सीरीज में कितने रन बनाए?
Aaryavir Sehwag India U19 vs Australia U19: आर्यवीर सहवाग ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे यूथ वनडे में भी फिफ्टी लगाने से चूक गए। उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में 100 से अधिक रन जुटाए।

भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के बीच बुधवार (23 सितंबर) को तीसरा यूथ वनडे मैच खेला गया। भारत ने राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में आखिरी मैच 6 विकेट से जीता और सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का सूपड़ा साफ कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 255 रन का टारगेट दिया, जिसे भारत ने 41.2 ओवर में चार विकेट पर चेज किया। कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी (106 गेंदों में नाबाद 110) शतक जमाया। भारत के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग तीन मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे।
जूनियर सहवाग का फिर से टूटा दिल
जूनियर सहवाग ने तीसरे मैच में टिक्कर बल्लेबाज की लेकिन फिर से दिल टूट गया। वह लगातार दो मैच में फिफ्टी की ओर बढ़ने के बाद विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 31 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 34 रनों की पारी खेली। उन्होंने राजेश के साथ 58 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। आर्यवीर को जैकब पिएट्ज ने आठवें ओवर में पवेलियन भेजा। आर्यवीर दूसरे मैच में तीन रनों से अर्धशतक से चूके थे। उन्होंने 21 सितंबर को 47 गेंदों में 47 रन जुटाए, जिसमें 9 चौके शामिल हैं। आर्यवीर अपने पिता की तरह सलामी बल्लेबाज हैं।
आर्यवीर ने सीरीज में कितने रन बनाए?
18 वर्षीय आर्यवीर सहवाग ने तीन मैचों की यूथ वनडे अनऑफिशियल सीरीज में प्रभावी प्रदर्शन किया। उन्होंने 36.33 के औसत से 109 रन बनाए। वह पहले मैच में 26 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें पांच चौके शामिल हैं। पहला मैच बारिश से प्रभावित रहा था, जिसके वजह से 20-20 ओवर का खेल हुआ। भारत ने पहला मैच 7 रन जबकि दूसरे मुकाबला 103 रनों से जीता। यह जूनियर सहवाग की भारत की अंडर-19 टीम के लिए पहली सीरीज थी। भारतीय टीम को यूथ वनडे के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर पर दो मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज खेलनी है। आर्यवीर अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में नहीं हें।
अन्वय द्रविड़ सिर्फ दो मैचों में उतरे
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को यूथ वनडे सीरीज में दो मैच खेलने का मौका मिला। उन्हें तीसरे और आखिरी मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय ने पहले मुकाबले में 18 गेंदों में 38 रन बटोरे, जिसमें दो चौके और दीन छक्के हैं। अन्वय, आर्यवीर की पारी और यशबर्धन चौहान के शतक से भारत ने इस मैच में 341/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 41.1 ओवर में 238 रन पर ढेर हो गई थी। अन्वय ने दूसरे मैच में 8 गेंदों में 9 रन बनाए। 17 वर्षीय अन्वय पिछले महीने श्रीलंका दौरे पर गई अंडर-19 टीम का हिस्सा थे।



