Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Aakash Chopra Reacts to Rohit sharma Shreyas iyer Viral On Field Argument Over a Single Run vs australia
एक रन के लिए रोहित-श्रेयस के बीच हुई बहस, आकाश चोपड़ा ने लिए मजे; वीडियो हुआ वायरल

एक रन के लिए रोहित-श्रेयस के बीच हुई बहस, आकाश चोपड़ा ने लिए मजे; वीडियो हुआ वायरल

संक्षेप: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड वनडे में भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के बीच एक रन लेने को लेकर हुई बहस स्टंप माइक में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Thu, 23 Oct 2025 03:37 PMHimanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

भारतीय टीम ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 264 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। कप्तान शुभमन गिल नौ और विराट कोहली बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। जिसके बाद रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रोहित और श्रेयस के बीच शतकीय साझेदारी हुई और इस दौरान रोहित का गुस्से वाला रूप भी देखने को मिला। भारत की ओर से पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 73 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जंपा ने 4 विकेट लिए।

भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने मुश्किल स्थिति में शतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला। भारतीय पारी के दौरान इन दोनों के बीच हुई एक बातचीत ने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा, जो स्टंप माइक में रिकॉर्ड हो गई। भारतीय पारी के 14वें ओवर में जोश हेजलवुड गेंदबाजी कर रहे थे और उनका ये लगातार सातवां ओवर था। इस दौरान एक रन लेने को लेकर रोहित और श्रेयस के बीच थोड़ी बहस हुई जोकि स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई, ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रोहित और श्रेयस के बीच हुई बातचीत-

रोहित शर्मा: "ऐ श्रेयस, होएगा ये! (रन लेने का मौका)

श्रेयस अय्यर: "अरे आप करके देखो, मेरे को मत बोलना फिर।"

रोहित शर्मा: "अरे तेरे को कॉल देना पड़ेगा।"

रोहित शर्मा: "वो सातवां ओवर डाल रहा है यार!" (हेजलवुड लगातार सातवां ओवर कर रहा है यार, मतलब थक गया होगा)

श्रेयस अय्यर: "मुझे उसका एंगल पता नहीं है। कॉल दो ना!"

रोहित शर्मा: "मैं नहीं दे सकता हूं ये कॉल।"

श्रेयस अय्यर: “सामने है आपके।”

दरअसल हेजलवुड के ओवर में रोहित ने शॉट खेला लेकिन गेंद बल्ले पर नहीं लगी और शरीर पर लगकर पास में चली गई। इस दौरान वह रन चुराना चाह रहे थे। रोहित के मुताबिक जोश हेजलवुड लगातार सातवां ओवर डाल रहे थे और थके हुए थे और वह इस गेंद पर रन चुरा सकते थे। मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे आकाश चोपड़ा ने कहा कि ये गार्डन में घूमने वाले लड़कों के लिए रोहित का संदेश था कि सातवां ओवर (जोश हेजलवुड) डाल रहा है और ये तेरा कॉल (श्रेयस अय्यर) है। श्रेयस को विश्वास था कि वहां रन नहीं है। वहीं इरफान पठान भी आकाश से सहमत दिखे।

ये भी पढ़ें:WTC Points Table: दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को चटाई धूल, भारत की बल्ले-बल्ले

पहले दो विकेट महज 17 रन पर गिर जाने के बाद, रोहित शर्मा (97 गेंदों पर 73 रन) और श्रेयस अय्यर (77 गेंदों पर 61 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 118 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी की बदौलत ही भारतीय टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 264 का लड़ने लायक स्कोर खड़ा कर पाई।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Ind vs Aus Live Score, क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |