शुभमन गिल के 50 वनडे शतक को लेकर आकाश चोपड़ा की बड़ी भविष्यवाणी, बोले- इतने मैच खेलेंगे तो…
शुभमन गिल वनडे में 50 शतक लगा पाएंगे या नहीं? आकाश चोपड़ा ने इसे लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। गिल इन दिनों वनडे क्रिकेट में धमाल मचा रहे हैं। वह 68 वनडे पारियां में अनेक रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

भारतीय कप्तान शुभमन गिल पिछले काफी समय से शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उनका बल्ला भारत बनाम वेस्टइंडीज दूसरे वनडे में भी गरजा। तिरुवनंतपुरम में सेंचुरी ठोकने वाले गिल ने गुवाहाटी के मैदान पर दोहरा शतक लगाया। उन्होंने 133 गेंदों में 28 चौकों और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 223 रन बनाए। यह वनडे में किसी भी कप्तान द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है। उन्होंने 117 गेंद में 200 रन पूरे किए और वनडे की सबसे तेज डबल सेंचुरी जमाई। गिल की आतिशी पारी की बदौलत भारत ने 406 रनों का ऐतिहासिक टारगेज चेज किया। यह वनडे इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा सफल रनचेज है। गिल के दोहरे शतक के बाद पूर्व भारतीय बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने एक बड़ी भविष्यवाणी की है। उनका मानना है कि अगर गिल अपने करियर में 300 वनडे खेलेंगे तो इस फॉर्मेट में 50 शतक जरूर ठोकेंगे।
आकाश चोपड़ा से पूछा गया था ये सवाल
27 वर्षीय गिल ने जनवरी 2019 में भारत के लिए वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने 69 वनडे मैचों की 68 पारियों में 3712 रन बटोरे हैं, जिसमें 65.12 का औसत रहा। उनके बल्ले से 50 ओवर फॉर्मेट में 11 शतक और 20 शतक निकले हैं। आकाश से गुवाहाटी मैच के बाद क्रिकइंफो पर रैपिड फायर रिव्यू में पूछा गया कि अगर वनडे मुकाबले ज्यादा खेले जाएं तो क्या गिल 50 शतक लगाने वालों की रेस में शामिल हो सकते हैं? पूर्व क्रिकेटर ने जवाब में कहा, ''हां, वह 68 वनडे पारियों में 11 शतक लगा चुके हैं और 20 अर्धशतक जमाए हैं। वह हर दूसरी पारी में पचास प्लस स्कोर बना रहे हैं। अगर वह 300 मैच खेलेंगे तो निश्चित रूप से 50 शतक लगा देंगे।'' विराट कोहली के नाम फिलहाल वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक (55) जड़ने का रिकॉर्ड है। उनके बाद महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (49) हैं। कोहली 2023 में 50 वनडे शतक जड़ने वाले पहले क्रिकेटर बने थे।
68 वनडे पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन
गिल वनडे में 68 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद लिस्ट में साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला हैं। अमला ने 68 पारियों में 3475 रन जुटाए थे। पाकिस्तान के फखर जमान (3101), बाबर आजम (3072) और इमाम-उल-हक (3039) क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें पायदान पर हैं। गुवाहाटी वनडे की बात करें तो गिल ने रोहित शर्मा (65 गेंदों में 101) के मिलकर टीम को दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 255 रन जोड़े। यह भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। भारत 22वें ओवर तक बिना कोई विकेट गंवाए 200 रन तक पहुंच गया था, यह पहली बार था जब किसी वनडे में 350 से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी सलामी जोड़ी ने ऐसा किया। गिल ने 62 गेंदों में शतक पूरा किया था।



