पाकिस्तानी क्रिकेटर ने किया रोस्ट तो समर्थन में आए आकाश चोपड़ा, वैभव सूर्यवंशी को बच्चा मानने वाले सैम अयूब के लिए मजे
एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद पाकिस्तानी क्रिकेटर सैम अयूब ने बच्चा खिलाने जैसा सेलिब्रेशन किया। इस पर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद ने सैम को बुरी तरह रोस्ट किया, जिसका आकाश चोपड़ा ने समर्थन किया और पाकिस्तान को जमकर सुनाया।

शनिवार, 3 अक्टूबर को एशियन गेम्स में क्रिकेट का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। इस मैच में भारत ने पाक टीम को शिकस्त देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय टीम मुकाबले में पहले बल्लेबाजी कर रही थी। इस टीम में 15 वर्षीय वंडर बॉय वैभव सूर्यवंशी भी प्लेइंग XI का हिस्सा थे। इस मैच में सूर्यवंशी का बल्ला उस तरीके से नहीं चला जैसी उनसे सभी उम्मीद करते हैं। बिहार के समस्तीपुर से ताल्लुक रखने वाले खिलाड़ी ने 9 गेंदों में 15 रन बनाए और सैम अयूब की गेंद पर उस्मान खान के हाथों में कैच आउट हुए। वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेने के बाद सैम अयूब ने कुछ इस तरह का सेलिब्रेशन किया कि विवादों में घिर गए। उन्होंने वैभव को आउट करने के बाद बच्चा खिलाने जैसा सेलिब्रेशन किया, मानो कहना चाह रहे हों कि तुम अभी बच्चे हो। हालांकि, पाकिस्तान के मुकाबला हार जाने के बाद अब सैम अयूब पर तरह-तरह के मीम बन रहे हैं और वे लोग उन्हें बुरी तरह रोस्ट भी कर रहे हैं। इस रोस्टिंग में उनके मुल्क के पूर्व क्रिकेटर भी शामिल हैं। कई पूर्व खिलाड़ियों ने तो सैम को सिर्फ डांट लगाई लेकिन अहमद शहजाद तो सीधे रोस्टिंग पर ही उतर आए।
चोपड़ा ने शहजाद की रोस्टिंग का किया समर्थन
अब शहजाद की रोस्टिंग को आधार बनाकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंट्रेटर आकाश चोपड़ा ने भी सैम अयूब को खूब सुनाया है और उनके मजे लिए हैं। अपने यूट्यूब चैनल पर मैच के बाद दी गई प्रतिक्रिया में आकाश चोपड़ा ने कहा- “जब वैभव आउट हुए तो सैम अयूब बच्चा खिलाने जैसा सेलिब्रेशन कर रहे थे। मैंने फिर अहमद शहजाद का भी एक वीडियो देखा, जिसमें वे कह रहे हैं कि ‘अरे यार सैम एक बता बता, तुमने कौन सा उसके डंडे में गेंद मार दी है। या वीट करके आउट कर दिया। रिवर्स स्वीप मार रहा था बच्चा अगर बल्ले का किनारा लग गया और वो आउट हो गया तो इंजॉय कर लो लेकिन ये सेलिब्रेशन क्या है। अपने व्यवहार का ध्यान रखो यार। भारत वाले तुम्हें बच्चों की तरह रोज पिटाई करते हैं।’"
पाकिस्तान और सैम अयूब को जमकर सुनाया
आकाश चोपड़ा ने कहा "ऐसा मैं नहीं कह रहा, अहमद शहजाद ने कहा है, लेकिन मैं इससे सहमत हूं।" उन्होंने आगे कहा- "जो शहजाद ने कहा बिल्कुल ठीक कहा कि सैम थोड़ा संयम से काम लीजिए, समझदारी से काम लीजिए। पर ना, उसके बाद रन्स बनते रहे, जिसमें तिलक वर्मा ने खूब पिटाई की। दूसरी तरफ शिवम दुबे ने भी रन बनाए। तिलक वर्मा को पाकिस्तान की पिटाई करना पसंद है। उन्होंने एशिया कप के फाइनल में भी काफी पिटाई की थी और इस बार भी लाइमलाइट लूट ली। हमने एक अच्छा टोटल बनाया और रवि बिश्नोई के अलावा सभी गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल हमारा हो गया।"
आकाश चोपड़ा ने आगे पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर तंज कसते हुए कहा कि "पिछली बार शायद हम 10-0 से आगे थे। यानी आखिरी 10 मुकाबलों में पाकिस्तान एक भी मैच भारत से नहीं जीता है और यह शायद 11 हो गया है। उन्होंने कहा कि जैसे हमारा रोज का काम हो गया है कि सुबह उठो, पाकिस्तान की पिटाई करो और आराम से सो जाओ।" भारतीय टीम को जीत दर्ज करने और गोल्ड मेडल जीतने पर आकाश चोपड़ा ने शाबाशी दी और कहा टीम ने बहुत बढ़िया काम किया।



