गॉल टेस्ट में कैसे मिल सकती है टीम इंडिया को जीत? आकाश चोपड़ा ने समझाया पूरा कैलकुलेशन
टीम इंडिया को अगर श्रीलंका को पहले टेस्ट मैच में हराना है तो कुछ रिस्क उठाने होंगे। आकाश चोपड़ा ने कहा है कि हमें सिर्फ 40 ओवर बल्लेबाजी करने के बारे में सोचना चाहिए। इसमें हार भी मिल सकती है, लेकिन जीत के चांस ज्यादा होंगे।

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने आकाश चोपड़ा ने टीम इंडिया को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। गॉल में जारी 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के तीसरे दिन के खेल के बाद आकाश चोपड़ा ने कहा है कि हम यह टेस्ट मैच श्रीलंका के खिलाफ हार भी सकते हैं। उन्होंने बताया है कि चौथे दिन भारत को क्या करना चाहिए? आकाश चोपड़ा का कहना है कि टीम इंडिया को चौथे दिन कम से कम 40 ओवर बल्लेबाजी करनी चाहिए और 350 रनों से ज्यादा का टारगेट उन्हें देना चाहिए। हालांकि, उन्होंने माना कि इस अप्रोच से भारतीय टीम मैच हार भी सकती है।
टीम इंडिया ने तीसरे दिन की शुरुआत में 2 रन बनाकर भी विकेट गंवा दिए थे और स्कोर भारत का 362 रन था। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने बल्लेबाजी की और 284 रन बना दिए। इस तरह 178 रनों की बढ़त अब भारत के पास है। श्रीलंका ने फॉलोऑन बचा लिया है। ऐसे में टीम इंडिया को दूसरी पारी में बल्लेबाजी करनी होगी। टीम इंडिया इस दौरान किस अप्रोच से उतर सकती है? इस बारे में आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर बताया है।
350+ बनाकर पारी को घोषित कर दो
आकाश चोपड़ा ने अपने वीडियो में कहा, "178 में 178 और जोड़ो और 350 पर पहुंचो। अगर तुम पांच के एवरेज से भी खेलो, तो 200 रन बनाने में तुम्हें 40 ओवर लगेंगे और बारिश की बहुत संभावना है। इसलिए तुम्हें बहुत तेजी से आगे बढ़ना होगा। तुम्हें थोड़ा अग्रेसिव होकर खेलना होगा। यशस्वी, यशस्वी की तरह खेलो। केएल राहुल, तुम्हारे पास कई गियर हैं। इस बार T20 और ODI गियर एक्टिवेट करो।"
उन्होंने आगे कहा, "भारतीय टीम की बैटिंग में बहुत गहराई है। बस तेजी से आगे बढ़ते रहो। मैं भारत को लगभग 40 ओवर दे रहा हूं। लगभग 150 से 175 रन बनाओ और पारी घोषित करो। हिम्मत रखो। मुझे पता है कि अगर 50 ओवर होते हैं और आखिरी दिन के 90 ओवर भी होते हैं, तो हम असल में 140 ओवर में हार सकते हैं।"
हम हार भी सकते हैं, मगर…
आकाश चोपड़ा ने यह भी माना है कि हम हार भी सकते हैं। उनका कहना है, "अगर पूरा मैच होता है और हम उन्हें आउट नहीं कर पाते हैं, तो उनके पास 350 रन बनाने का समय होगा। हालांकि, अगर हम बहुत देर तक बैटिंग करते हैं और बारिश की वजह से एक सेशन खराब हो जाता है, तो हम हाथ मलते रह जाएंगे। यह मुश्किल होने वाला है, लेकिन भारत को यही करना होगा।" भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी के पॉइंट्स को ध्यान में रखते हुए इस तरह का दांव खेलना ही होगा।



