Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़A new-ball bowler who has been a force to reckon with with the bat too Marco Jansen is on his way to filling Kallis shoe
नई गेंद से मोर्चा संभालने वाला गेंदबाज जो बल्ले से मचा रहा कोहराम, मार्को यानसन में SA को मिला हीरा

नई गेंद से मोर्चा संभालने वाला गेंदबाज जो बल्ले से मचा रहा कोहराम, मार्को यानसन में SA को मिला हीरा

संक्षेप:

ऐसे समय में जबकि विश्व क्रिकेट में ऐसे तेज गेंदबाजों की बहुत कमी है जो बल्ले और गेंद से अपना प्रभाव छोड़ सकें, तब मार्को यानसन अपने ऑलराउंड खेल से दक्षिण अफ्रीका के लिए बहुमूल्य खिलाड़ी बन गए हैं।

Dec 01, 2025 03:38 pm ISTChandra Prakash Pandey नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

ऐसे समय में जबकि विश्व क्रिकेट में ऐसे तेज गेंदबाजों की बहुत कमी है जो बल्ले और गेंद से अपना प्रभाव छोड़ सकें, तब मार्को यानसन अपने ऑलराउंड खेल से दक्षिण अफ्रीका के लिए बहुमूल्य खिलाड़ी बन गए हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस 25 वर्षीय बाएं हाथ के गेंदबाज को कभी नई गेंद संभालने वाला तेज गेंदबाज माना जाता था लेकिन पिछले कुछ समय से उन्होंने गेंदबाजी में अपना कमाल दिखाने के साथ बल्लेबाजी में भी अमूल्य योगदान दिया है।

यानसन की गेंदबाजी उनका मजबूत पक्ष रहा है। अपनी तेज उछाल, दाएं हाथ के गेंदबाजों के लिए कोण बनाकर की गई गेंदबाजी और धीमी पिच पर भी गति हासिल करने की क्षमता उन्हें विशेष खिलाड़ी बनाती है।

उनकी फुल लेंथ गेंद और बेहतर नियंत्रण ने उन्हें खतरनाक तेज गेंदबाज बना दिया है जिससे वह दक्षिण अफ्रीका के आक्रमण के अगुआ बन गए हैं। उनकी बल्लेबाजी दक्षिण अफ्रीका के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जिससे कि टीम में अद्भुत संतुलन पैदा हो जाता है।

यानसन अब केवल पुछल्ले बल्लेबाज नहीं रहे। अब वह स्पष्ट सोच के साथ बल्लेबाजी करके टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने की कोशिश करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

ये भी पढ़ें:विराट कोहली जैसे विश्वस्तरीय बल्लेबाज को जम जाने के बाद रोकना मुश्किल: यानसन

यानसन ने कहा, ‘जब शीर्ष पांच बल्लेबाज अच्छी फॉर्म में हों तब मैदान पर उतरना अच्छा लगता है। मेरी नजर केवल गेंद पर होती है और मैं उसी के अनुसार बल्लेबाजी करता हूं। अभी मेरी यह रणनीति कारगर साबित हो रही है।’

बल्लेबाजी में उन्होंने अपना प्रभावशाली प्रदर्शन भारत के खिलाफ हाल ही में गुवाहाटी टेस्ट में किया जब उन्होंने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 91 गेंदों में 93 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका को संकट से बाहर निकाला।

उन्होंने सात विकेट पर 334 रन के स्कोर पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली और पस्त हो चुके भारतीय आक्रमण पर जवाबी हमला करते हुए छह चौके और सात छक्के लगाए।

उनकी आक्रामक पारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने 489 रन का विशाल स्कोर बनाया जिससे मैच का रुख बदल गया। यह पहला अवसर नहीं था जबकि यानसन ने इस तरह की आक्रामक पारी खेली। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में 59 रन की पारी खेलकर दक्षिण अफ्रीका को मुश्किल स्थिति से उबारा था।

ऐसे समय में जबकि सीमित ओवरों के क्रिकेट में छोटी-छोटी पारियों का महत्व बढ़ता जा रहा है तब उन्होंने दिखाया कि वह दक्षिण अफ्रीका के लिए कितने उपयोगी हैं। भारत के खिलाफ गबेरहा में बारिश से प्रभावित वनडे मैच में उन्होंने 35 गेंदों में 42 रन की पारी खेलकर अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इसके बाद किम्बरली में खेले गए एकदिवसीय मैच में उन्होंने 26 गेंदों में 38 रन की पारी खेली जो आखिर में निर्णायक साबित हुई।

ये भी पढ़ें:6.8 फीट लंबे यानसेन को ऐसे लोगों से होती है जलन, पंत को लेकर कह गए बड़ी बात

खेल के अन्य समकालीन तेज़ गेंदबाजी ऑलराउंडरों की तुलना में यानसन का प्रदर्शन लाजवाब है। ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन करते रहते हैं लेकिन वह गेंदबाजी में यानसन जैसे प्रभावशाली गेंदबाज नहीं हैं।

भारत के हार्दिक पंड्या का प्रभाव कार्यभार प्रबंधन के कारण सीमित है जबकि इंग्लैंड के बेन स्टोक्स लगातार गेंदबाजी नहीं कर पाते हैं। हालांकि खेल पर उनका प्रभाव व्यापक है।

यानसन टेस्ट मैचों में नई और पुरानी दोनों गेंदों से अच्छी गेंदबाजी करते हैं और फिर महत्वपूर्ण रन भी बनाते हैं।

ये भी पढ़ें:यान्सन ने तोड़ा विव रिचर्ड्स का रिकॉर्ड, IND के खिलाफ भारत में किया ये कारनामा

एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में स्विंग करने की उनकी क्षमता के साथ नंबर सात या आठ नंबर के बल्लेबाज के रूप में उनकी क्लीन हिटिंग से दक्षिण अफ्रीका की टीम में संतुलन पैदा होता है। अपने इस प्रदर्शन से वह जैक कैलिस की कमी को दूर करने की राह पर बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |