आज से बदल गए क्रिकेट के कुल 73 नियम, MCC ने दी जानकारी; हिंदी ऐप भी हो गया लॉन्च
1 अक्टूबर 2026 से क्रिकेट के कुल 73 नियम बदले गए हैं। इसका ऐलान पहले ही हो चुका था। कुछ बड़े बदलाव है, जबकि बहुत सारे छोटे बदला इस खेल के नियमों में किए गए हैं। इसकी जानकारी एमसीसी ने दी।

इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 73 नियमों में बदला आज यानी एक अक्टूबर 2026 से लागू हो गया है। कुछ तो छोटे बदलाव हैं, लेकिन कई अहम बदलाव भी मेरिलबोन क्रिकेट क्लब यानी एमसीसी ने किए हैं। इसी को लेकर एमसीसी लॉज ऑफ क्रिकेट की वर्कशॉप दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुई। इसकी मेजबानी दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन यानी डीडीसीए ने की। इसमें दिल्ली के दर्जनों अंपायर समेत मैच ऑफिशियल्स ने भाग लिया। इसके साथ-साथ एमएससीसी ने हिंदी समेत कई भाषाओं में अपने नए ऐप को भी लॉन्च किया है।
क्रिकेट के लिए नियम बनाने वाली संस्था एमसीसी के हेड ऑफ क्रिकेट फ्रेजर स्टीवर्ट और जॉनी सिंगर ने वर्कशॉप में तमाम नियम उदाहरण देकर समझाए। डीडीसीए के अंपायर्स और मैच ऑफिशियल्स ने एमसीसी के अधिकारियों से सवाल-जवाब भी किए। हिंदी भाषी लोगों को क्रिकेट के नियम समझने में दिक्कत होती है। ऐसे में एमसीसीसी लॉज ऑफ क्रिकेट ऐप को लॉन्च किया है, जिसमें आप हिंदी में नियमों की बारीकियों को समझ सकते हैं। इंग्लिश में यह ऐप पहले से था। अब इसमें हिंदी के अलावा उर्दू, बांग्ला, कन्नड और अन्य भाषाओं को जोड़ा गया है।
मुख्य बदलाव क्रिकेट के नियमों में इस प्रकार हैं
वुमेंस और जूनियर क्रिकेट के लिए स्टैंडर्ड इक्विपमेंट: क्रिकेट बॉल के लिए नया, टाइट साइज और वजन टॉलरेंस, स्टैंडर्ड साइज़ 1, 2 और 3 कैटेगरी के साथ
लैमिनेटेड टाइप D बैट की अनुमति: ज्यादातर एडल्ट/ओपन-एज क्रिकेट में टाइप D लैमिनेटेड बैट की इजाजत होगी, जो संबंधित गवर्निंग बॉडी के नियमों के अधीन होगा
दिन का आखिरी ओवर होगा पूरा: फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दिन का आखिरी ओवर तब भी पूरा होगा, जब विकेट गिर जाए। हालांकि, इसके लिए खेलने की कंडीशन अच्छी होनी चाहिए।
रनिंग और बाउंड्री कैच के बारे में क्लियर रूल: बैटर बिना पेनल्टी के रन छोड़ सकते हैं। जब तक कि शॉर्ट रनिंग जानबूझकर न की गई हो, जबकि बाउंड्री कैच के लिए 'बनी हॉप' टेक्निक हटा दी गई है
ओवरथ्रो, डेड बॉल और डिसमिसल पर ज़्यादा क्लैरिटी: क्रिकेट के नियम ओवरथ्रो को ऑफिशियली डिफाइन करते हैं, यह साफ करते हैं कि बॉल कब 'सेटल' होती है और विकेटकीपर पोजिशनिंग, हिट विकेट, रन-आउट और स्टंपिंग पर साफ गाइडेंस भी दिया गया है।
MCC के क्रिकेट हेड फ्रेजर स्टीवर्ट ने कहा, “हम दिल्ली में आकर और 1 अक्टूबर से लागू होने वाले नए नियमों से पहले DDCA के अंपायरों से बात करके बहुत खुश हैं। सेशन के प्रैक्टिकल होने से हमें बदलावों पर चर्चा करने और यह जानने का मौका मिला कि वे मैदान पर कैसे लागू होंगे। हमें MCC क्रिकेट के नियम ऐप को हिंदी में लॉन्च करके भी बहुत खुशी हो रही है, जिससे भारत में इस खेल को पसंद करने वाले और इसे फॉलो करने वाले सभी लोगों के लिए नियम ज़्यादा आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।”



