श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए इग्नोर हुए ये 5 बड़े खिलाड़ी, एक का करियर तो लगभग खत्म
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय क्रिकेट टीम में पांच बड़े और डिजर्विंग खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया गया। ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से बोर्ड से ना चयनित होने को लेकर लगातार सवाल पूछ रहे हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम अब अपना अगला मुकाबला श्रीलंका में खेलेगी। 15 अगस्त से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज हो रहा है। पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 15 से 19 अगस्त के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो में खेला जाएगा। इससे पहले टीम इंडिया 7 अगस्त से मेजबान टीम के साथ चार दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी। इस टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा बीसीसीआई ने कर दी है। इसमें सारांश जैन जैसे नए खिलाड़ी को मौका मिला है। हालांकि, बाकी सभी पुराने नाम नजर आ रहे हैं। घोषित किए गए स्क्वॉड में पांच बड़े नामों को शामिल नहीं किया गया है, जिसमें से कुछ दिग्गज प्लेयर हैं, जबकि कुछ युवा और मौका मिलने की बाट जोहते खिलाड़ी भी शामिल हैं।
मोहम्मद शमी का करियर खत्म होने की कगार पर
इस लिस्ट में पहले नंबर मोहम्मद शमी का नाम है। मोहम्मद शमी को चैंपियंस ट्रॉफी के बाद लगातार किसी भी फॉर्मेट में नहीं देखा जा रहा है। जब भी टीम मैनेजमेंट से शमी को लेकर सवाल पूछे जाते हैं तो कोई भी प्रत्यक्ष और साफ जवाब नहीं मिलता है। शमी ने बीते सालों में अपनी फिटनेस को प्रूफ किया है और घरेलू क्रिकेट में लगातार एक्टिव रहने के बाद भी उन्हें टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में यह बात समझ में आती है और कई क्रिकेट पंडित भी यह कयास लगा रहे हैं कि मोहम्मद शमी से बीसीसीआई मूव ऑन कर गया है और एक दो सालों में ऐसा वक्त आएगा जब अजिंक्य रहाणे की तरह मोहम्मद शमी भी किसी दिन सोशल मीडिया के माध्यम से रिटायरमेंट का ऐलान कर देंगे। शमी के अंतरराष्ट्रीय करियर पर कई लोग और यहां तक कि प्रशंसक भी पूर्ण विराम लगा हुआ मान चुके हैं। हालांकि, शमी ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। यही कारण है कि वे लगातार घरेलू क्रिकेट में एक्टिव हैं और अपनी टीमों को मैच भी जिता रहे हैं।
ऋतु, रजत, आकिब नबी और सरफराज भी हुए इग्नोर
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान और रेड बॉल घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले ऋतुराज गायकवाड़ भी टीम इंडिया में जगह पाने का रास्ता देख रहे हैं। हालांकि, श्रीलंका सीरीज के लिए उनका नाम नहीं आया है। इसी तरह मध्य प्रदेश और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कप्तान रजत पाटीदार को भी उम्मीद होगी कि उन्हें टीम में चयनित किया जाए, लेकिन डीसेंट प्रदर्शन के बाद भी उन्हें शामिल नहीं किया गया है। रजत पाटीदार ने आरसीबी को दो बार अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया है। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज और साल 2025-26 की रणजी ट्रॉफी में सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को भी भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। सरफराज खान एक बार टीम इंडिया के टेस्ट स्क्वॉड से बाहर हैं। बॉर्डर- गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उन पर ड्रेसिंग रूम की बातों को लीक करने की खबरें अफवाहों के रूप में सामने आई थीं, उसके बाद से वापसी नहीं हो पाई है। इस दौरान सरफराज ने अपनी फिटनेस पर भी ध्यान दिया है। काफी वजन कम किया है। घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम में जगह नहीं मिल रही है। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच दिसंबर 2024 मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।
श्रीलंका दौरे के लिए 28 जुलाई को हुए टीम की घोषणा
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 28 जुलाई, 2026 को की। मीडिया एडवाइजरी में लिखा गया- पुरुष चयन समिति ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए भारत की टीम का चयन कर लिया है। श्रृंखला से पहले टीम 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट के लिए भारत की टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप- कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रित बुमराह*, मोहम्मद। सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन
टिप्पणी करते हुए बीसीसीआई ने लिखा- साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता बीसीसीआई सीओई से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने पर निर्भर करेगी। पहले टेस्ट मैच के लिए वाशिंगटन सुंदर चयन हेतु उपलब्ध नहीं थे।



