
न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में सर्वाधिक शतक जड़ने वाले 5 भारतीय बल्लेबाज, इस दिग्गज के साथ कोहली टॉप पर
जब भी ये भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होती हैं, तो रनों की बारिश देखने को मिलती है। टीम इंडिया के बल्लेबाजों का कीवी गेंदबाजों पर हमेशा दबदबा रहा है। ऐसे में आज हम आपको उन 5 भारतीय बल्लेबाजों के बारे में बता रहे हैं जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाए हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे शृंखला का पहला मुकाबला 11 जनवरी से खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा भी मैदान पर खेलते हुए नजर आएंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट का इतिहास बेहद दिलचस्प रहा है। जब भी ये दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं, तो रनों की बारिश देखने को मिलती है। आंकड़ों पर नजर डालें तो टीम इंडिया के बल्लेबाजों का कीवी गेंदबाजों पर हमेशा दबदबा रहा है। ऐसे में आज हम आपको उन 5 भारतीय बल्लेबाजों के बारे में बता रहे हैं जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाए हैं।
6 शतकों के साथ सहवाग और कोहली टॉप पर
इस सूची में पहले वीरेंद्र सहवाग और विराट कोहली संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। वीरेंद्र सहवाग ने 2001 से 2010 के बीच न्यूजीलैंड के खिलाफ मात्र 23 मैचों की 23 पारियों में 6 शतक जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 103.95 का रहा, जो दर्शाता है कि वे कीवी गेंदबाजों पर कितने आक्रामक थे। दूसरी ओर विराट कोहली ने भी अब तक 33 मैचों में 6 शतक लगाए हैं। कोहली ने 55.23 की औसत से 1657 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 154* रहा है।
तेंदुलकर दूसरे स्थान पर (5 शतक)
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। सचिन ने 1990 से 2009 के बीच कीवी टीम के खिलाफ 42 मैचों में 5 शतक और 8 अर्धशतक लगाए। उन्होंने इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा 1750 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 186 रन रहा है।
सौरव गांगुली सहित टॉप-5 में नाम भी शामिल
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 32 मैचों में 3 शतक जड़े हैं। उन्होंने 35.96 की औसत से कुल 1079 रन बनाए, जिसमें 153* उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। चौथे और पांचवें स्थान के लिए कई भारतीय बल्लेबाजों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है, जिन्होंने 2-2 शतक लगाए हैं। इनमें रोहित शर्मा (29 पारियों में 1073 रन), शुभमन गिल (12 पारियों में 623 रन) और गौतम गंभीर (9 पारियों में 442 रन) शामिल हैं। विशेष रूप से शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर किसी भी भारतीय द्वारा इस टीम के खिलाफ सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड बनाया है। राहुल द्रविड़ और श्रेयस अय्यर ने भी कीवी टीम के खिलाफ 2-2 शतक दर्ज किए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में शतक जड़ने वाले शीर्ष बल्लेबाज
वीरेंद्र सहवाग: 6 शतक
विराट कोहली: 6 शतक
सचिन तेंदुलकर: 5 शतक
सौरव गांगुली: 3 शतक
गौतम गंभीर, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़: 2-2 शतक
कोहली के पास रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
बता दें कि अगर विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में 1 भी शतक लगा देते हैं तो वे वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे और इस टीम के खिलाफ सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में नंबर वन पर अकेले ही विराजमान होंगे। विराट कोहली मौजूदा समय में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं ऐसे में उनसे फैंस बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद में हैं।






