
टीम में जगह नहीं मिली तो खिलाड़ियों ने कोच को ही कूट डाला, माथे पर लगे 20 टांके और कंधा भी तोड़ा
टीम में जगह नहीं मिलने पर जाहिर तौर पर खिलाड़ी निराश होते हैं, लेकिन पुडुचेरी से एक बहुत ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां खिलाड़ियों ने कोच पर ही हमला कर दिया। इस हमले में कोच को 20 टांके लगे हैं और शोल्डर में फ्रैक्चर है।
टीम में जगह नहीं मिलने पर जाहिर तौर पर खिलाड़ी निराश होते हैं, लेकिन पुडुचेरी से एक बहुत ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां खिलाड़ियों ने अपनी और कोच की गरिमा को तार-तार कर दिया। टीम से बाहर किए जाने पर कुछ खिलाड़ियों ने मिलकर कोच को ही कूट डाला। ये मामला पुडुचेरी क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़ा हुआ है, जहां अंडर 19 टीम के कोच को 20 टांके लगे और उनके शोल्डर में भी फ्रैक्चर है।

हैरान करने वाली बात ये है कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी यानी सीएपी की ट्रेनिंग फैसिलिटी के अंदर उसके अंडर-19 हेड कोच एस वेंकटरमन पर कथित तौर पर तीन लोकल क्रिकेटरों ने हमला किया। ये क्रिकेटर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) के लिए टीम से बाहर किए जाने से नाराज थे। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में ये दावा किया गया है कि खिलाड़ियों ने कोच को ही कूट दिया। इस हमले में कोच गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस मामले के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी एक बार फिर जांच के दायरे में आ गई है। सब-इंस्पेक्टर एस राजेश ने हमले की गंभीरता की पुष्टि की। उन्होंने कहा, "वेंकटरमन के माथे पर 20 टांके लगे हैं, लेकिन उनकी हालत अभी स्थिर है। आरोपी खिलाड़ी फरार हैं और हम उन्हें ट्रैक करने की कोशिश कर रहे हैं। आगे की जानकारी समय आने पर बताई जाएगी।"
अपनी पुलिस शिकायत में वेंकटरमन ने तीन लोकल खिलाड़ियों—सीनियर क्रिकेटर कार्तिकेयन जयसुंदरम और फर्स्ट-क्लास खिलाड़ी ए अरविंदराज और एस संतोष कुमारन—को हमलावर बताया। उन्होंने भरथिदासन पुडुचेरी क्रिकेटर्स फोरम के सेक्रेटरी जी चंद्रन पर भी तीनों को उकसाने का आरोप लगाया। हालांकि, अभी तक पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।
इस मसले के बाद वह मुद्दा भी उखड़ गया है, जिसमें पुडुचेरी के क्रिकेटरों को कम और बाहर के खिलाड़ियों को ज्यादा मौका मिल रहा था। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2021 के बाद से रणजी ट्रॉफी में पुडुचेरी के सिर्फ 5 क्रिकेटर टीम में खेले हैं। बीसीसीआई तक इसकी शिकायत पहुंच गई है, जिसकी जांच बोर्ड करेगा। सीएपी ने इस हमले के मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की।






