ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट से पहले लगे 3 झटके, कप्तान समेत ये खिलाड़ी हुए पिंक बॉल टेस्ट से बाहर
इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को 3 बड़े झटके लगे हैं। कप्तान समेत कई खिलाड़ी बाहर हो गए हैं। इनमें नया नाम उस्मान ख्वाजा का है, जबकि दो खिलाड़ी पहले मैच में भी नहीं खेले थे।
गुरुवार 4 दिसंबर से एशेज सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाना है, जो कि पिंक बॉल टेस्ट है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को तीन बड़े झटके लगे हैं। ताजा मामला अनुभवी ओपनर उस्मान ख्वाजा से जुड़ा है, जो पीठ की चोट के कारण ब्रिस्बेन में होने वाले डे-नाइट एशेज टेस्ट से बाहर हो गए हैं। कप्तान पैट कमिंस और पेसर जोश हेजलवुड दूसरे टेस्ट मैच के लिए पहले से उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम को कुल 3 झटके लग चुके हैं। यही कारण है कि फिर से ओपनिंग कॉम्बिनेशन के ऑप्शन पर अब कंगारू टीम को विचार करना होगा।
उस्मान ख्वाजा का इंटरनेशनल भविष्य भी अब अधर में लटक गया है। इसके पीछे का कारण ये है कि वे काफी समय से रन नहीं बना रहे और अब फिटनेस भी उनकी अच्छी नहीं है। इसके साथ-साथ उनकी उम्र भी अब हो चुकी है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बहुत कम खिलाड़ी 39 (इसी महीने हो जाएंगे) की उम्र तक क्रिकेट खेले हैं। इतना ही नहीं, ट्रैविस हेड ने पहले टेस्ट मैच में ओपनिंग करते हुए जिस तरह की पारी खेली, उससे तो साफ ही हो गया है कि ट्रैविस हेड अब ओपनिंग आगे भी कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम से उस्मान ख्वाजा बाहर जरूर हुए हैं, लेकिन दूसरे टेस्ट के लिए किसी को भी टीम में जगह नहीं दी गई है। ऐसे में जोश इंग्लिस और ब्यू वेबस्टर दोनों ऑस्ट्रेलिया की XI में वापसी की रेस में हैं। ख्वाजा ने मंगलवार को गाबा में प्रैक्टिस नेट्स में 30 मिनट तक प्रैक्टिस की, लेकिन बाएं हाथ के इस खिलाड़ी को कई बार तकलीफ हुई और इसी वजह से वह गुरुवार से शुरू होने वाले मैच के लिए सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
ऑस्ट्रेलिया टीम इस प्रकार है
स्टीव स्मिथ (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, ब्रेंडन डॉगेट, कैमरून ग्रीन, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, माइकल नेसर, मिशेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड और ब्यू वेबस्टर
इसका मतलब है कि ऑस्ट्रेलिया इस एशेज सीरीज में एक और नया ओपनर उतार सकता है, क्योंकि पहले टेस्ट में ख्वाजा की पीठ में ऐंठन के कारण मार्नस लाबुशेन और फिर ट्रैविस हेड ने ओपनिंग की थी। ये अभी तक कामचलाऊ विकल्प थे, लेकिन ट्रैविस हेड ने नई गेंद संभालने की जिम्मेदारी को स्वीकार करने का फैसला किया है। पिंक बॉल टेस्ट में ओपनिंग ट्रैविस हेड जरूर कर सकते हैं।






