
T20 इतिहास में पहली बार, एक पारी में 2 खिलाड़ी हुए ‘रिटायर्ड आउट’; फिर मचा कोहराम
रिटायर्ड आउट होना अब टी20 क्रिकेट में कॉमन हो गया है, मगर एक पारी में कई खिलाड़ियों का रिटायर्ड आउट होना कुछ नया है। ऐसा ही कुछ नॉर्दर्न नाइट्स वर्सेस ओटागो मैच के दौरान हुआ, जब नॉर्दर्न नाइट्स की टीम 167 रनों के टारगेट का पीछा कर रही थी।
टी20 क्रिकेट में नायाब शॉट्स, नए-नए बॉलिंग एक्शन के साथ-साथ टीमों द्वारा तरह-तरह की अनोखी रणनीतियां भी देखने को मिलती है। रविवार, 4 जनवरी को एक ऐसा ही अलग नजारा न्यूजीलैंड में जारी सुपर समैश 2025-26 डोमेस्टिक टी20 टूर्नामेंट के दौरान देखने को मिला। रिटायर्ड आउट होना अब टी20 क्रिकेट में कॉमन हो गया है, मगर एक पारी में कई खिलाड़ियों का रिटायर्ड आउट होना कुछ नया है। ऐसा ही कुछ नॉर्दर्न नाइट्स वर्सेस ओटागो मैच के दौरान हुआ, जब नॉर्दर्न नाइट्स की टीम 167 रनों के टारगेट का पीछा कर रही थी।
इस रनचेज के दौरान एक समय पर नॉर्दर्न नाइट्स का स्कोर 16 ओवर के बाद 3 विकेट के नुकसान पर 109 रन था। आखिरी 4 ओवर में टीम को जीत के लिए 58 रनों की दरकार थी। जीत रावल 27 गेंदों पर 23 रन बनाकर काफी धीमी पारी खेल रहे थे। 17वें ओवर की पहली गेंद जैसे ही उन्होंने डॉट की तो जीत रावल ने रिटायर्ड आउट होने का फैसला लिया, ताकि आने वाले बल्लेबाज तेजी से रन बनाकर टीम को जिता सके।
6ठे नंबर पर उतरे कप्तान बेन पोमारे ने आते ही तेजी से रन बनाना शुरू कर दिए। पहली चार गेंदों पर ही उन्होंने दो चौका लगाए।
दूसरे छोर पर मौजूद जेवियर बेल भी अच्छी लय में नहीं दिख रहे थे। वह 13 गेंदों पर 9 रन बनाकर खेल रहे थे। जीत रावल से प्रेरित होकर उन्होंने भी 18वें ओवर की पहली गेंद पर रिटायर्ड आउट होने का फैसला किया।
इस तरह टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ जब एक पारी में एक से अधिक खिलाड़ी रिटायर्ड आउट हुए।
जीत रावल और जेवियर बेल का रिटायर्ड आउट होने का फैसला टीम के काम आया। कप्तान बेन पोमारे ने 10 गेंदों पर 20 तो स्कॉट कुगेलेइजन ने 12 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली। हालांकि यह दोनों भी टीम को जीता नहीं पाए और मुकाबला टाई हुआ। नॉर्दर्न नाइट्स की टीम भी निर्धारित 20 ओवर में 166 के स्कोर तक पहुंच पाई।






