एक ही दिन दो बार होगी इंडिया और पाकिस्तान की टक्कर, नए टूर्नामेंट के शेड्यूल का हुआ ऐलान
India vs Pakistan मैच के लिए आप जरूर एक्साइटेड होंगे, लेकिन जब आपको पता चलेगा कि एक ही दिन दो बार इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच आपको देखने को मिलेगा तो आपकी खुशी दो गुनी जरूर होगी। इसका शेड्यूल सामने आ गया है।
T20 World Cup 2026 में India vs Pakistan मैच के लिए आप जरूर एक्साइटेड होंगे। ये मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है, लेकिन जब आपको ये पता चलेगा कि एक ही दिन दो बार इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच आपको देखने को मिलेगा तो आपकी खुशी दो गुनी जरूर हो जाएगी। जी हां, ये सच है। इसका शेड्यूल भी अब कन्फर्म हो चुका है।
दरअसल, 15 फरवरी को कोलंबो में इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच टी20 विश्व कप में होगा और उसी दिन वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया ए और पाकिस्तान ए टीम के बीच मुकाबला होगा। हालांकि, भारत और पाकिस्तान की सीनियर टीमों के बीच रात को मुकाबला खेला जाएगा, लेकिन महिला टीमों के बीच मैच दोपहर को होना है।
एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी एसीसी ने वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। टेस्ट प्लेइंग नेशन्स की ए टीमें इसमें हिस्सा लेंगी, जबकि एसोसिएट मेंबर्स की फुल टीमें हिस्सा लेंगी। भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है, जिसमें यूएई और नेपाल की टीम भी शामिल है। ये टूर्नामेंट थाइलैंड के बैंकॉक में खेला जाएगा।
इंडिया ए टीम पाकिस्तान की ए टीम से 15 फरवरी की लोकल (थाइलैंड) समय के अनुसार दोपहर को 2 बजे भिड़ेगी। उस समय इंडिया में दोपहर के ढाई बजे होंगे। वहीं, मेंस टी20 वर्ल्ड कप में इंडिया और पाकिस्तान का मैच शाम को 7 बजे से खेला जाएगा। श्रीलंका और इंडिया का टाइम एक ही है तो भारत में भी उसी समय आप उस मुकाबले को देख पाएंगे।
हालांकि, फैंस के लिए अच्छी चीज ये है कि दोपहर को इंडिया ए वर्सेस पाकिस्तान ए और फिर इंडिया वर्सेस पाकिस्तान हाई वोल्टेज क्लैश देखने को मिलेगा। वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स का ये दूसरा सत्र है। जून 2025 में ये टूर्नामेंट खेला जाना था, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों की वजह से इसे पोस्टपोन कर दिया गया था। इस टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपना जौहर दिखाने का मौका मिलेगा। भारतीय महिला टीम की उन सदस्यों को इसमें मौका मिलेगा, जो थोड़ी बहुत इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुकी हैं। WPL की अनकैप्ड स्टार प्लेयर्स को मौका मिलेगा।






