छत्तीसगढ़ में आदिवासी ईसाइयों के शव कब्र से निकालने पर रोक, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार से मांगा जवाब
याचिका में राज्य की सभी ग्राम पंचायतों को हर गांव में सभी समुदायों के लोगों को दफनाने के लिए खास जगहें तय करने और सभी परिवारों को अपने मृतकों को उसी गांव में दफनाने की इजाजत देने का निर्देश देने की मांग की गई है जहां वे रहते हैं।

छत्तीसगढ़ में ईसाई आदिवासियों के शवों को कब्रों से जबरन निकालने और उन्हें गांव के बाहर दफनाने के आरोपों पर सर्वोच्च न्यायालय ने राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, शीर्ष अदालत ने अगले आदेश तक किसी भी शव को कब्र से निकालने पर तत्काल प्रभाव से रोक भी लगा दी है। इस बारे में दायर याचिका में इस तरह शव दफनाने से रोकने को संविधान के अनुच्छेद 21 (जीवन का अधिकार) और अनुच्छेद 25 (धर्म की स्वतंत्रता) का उल्लंघन बताया गया है।
कहीं और दफनाने के लिए मजबूर किया जा रहा
जस्टिस विक्रम नाथ, संदीप मेहता और एनवी अंजारिया की पीठ CAJE (छत्तीसगढ़ एसोसिएशन फॉर जस्टिस एंड इक्वालिटी) व अन्य लोगों की तरफ से दायर उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें आरोप लगाया गया है कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न गांवों में ईसाई आदिवासियों को उनके परिजनों के शव गांव के कब्रिस्तान में दफनाने से रोका जा रहा है, साथ ही दफनाए गए शवों को निकालकर गांव से बाहर दफनाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि ऐसा करना संविधान के आर्टिकल 21 के तहत ईसाई आदिवासियों के मौलिक अधिकार का हनन है।
वकील ने अदालत को बताई घटनाएं
याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में पेश हुए वरिष्ठ वकील कॉलिन गोंसाल्वेस ने कोर्ट को इन घटनाओं की जानकारी दी और बताया कि एक याचिकाकर्ता की मां का शव उनकी जानकारी के बिना कब्र से निकालकर कहीं और दफना दिया गया था। वहीं एक अन्य मामले की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि एक महिला जो कि याचिकाकर्ता भी है, उसके पति का शव भी बहुसंख्यक समुदाय के ग्रामीणों द्वारा जबरदस्ती कब्र से निकालकर दूर किसी जगह पर दफना दिया गया था।
अनुच्छेद 14 और 21 का बताया उल्लंघन
याचिका में कहा गया है कि, ‘शवों को खोदकर बाहर निकालना और कभी-कभी उन्हें 50 किलोमीटर से भी अधिक दूर दोबारा दफनाने के लिए मजबूर करना, मृतक और उनके परिवारों के साथ क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक बर्ताव है, जो आर्टिकल 14 और 21 के तहत गलत है।’
सुनवाई के बाद बेंच ने इस मामले में राज्य सरकार को नोटिस जारी किया, और स्पष्ट किया कि अगली सुनवाई तक दफन किए गए किसी भी शव को बाहर नहीं निकाला जाएगा। साथ ही अदालत ने मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद तय की।
दखल देने से रोकने के लिए निर्देश देने की मांग
याचिका में बताया गया है कि यह रिट याचिका संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत दायर की गई है और उन आदिवासी ईसाइयों के बारे में है, जिन्हें अपने गांवों की सीमाओं के अंदर कब्रगाहों में अपने मृतकों को दफनाने से जबरन रोका जा रहा है।' इसमें दफनाने में दखल देने से रोकने के लिए राज्य सरकार और लोगों को निर्देश देने की मांग की गई थी।
'पुलिस कर रही SC के फैसले का गलत इस्तेमाल'
याचिका में जनवरी 2025 में सुप्रीम कोर्ट के दिए एक फैसले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया गया है कि छत्तीसगढ़ पुलिस इस फैसले का गलत इस्तेमाल करते हुए आदिवासी ईसाईयों को अपने गांवों में शव दफनाने से रोक रही है, यहां तक कि उन जगहों पर भी जहां कोई स्थानीय विवाद नहीं है। याचिका में जिस फैसले के बारे में बताया गया है, उसमें सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के एक मुर्दाघर में रखे एक पादरी को दफनाने पर बंटा हुआ फैसला सुनाया था, और उसका अंतिम संस्कार पास के गांव में ईसाइयों को दफनाने के लिए बनी जगह पर करने का निर्देश दिया था।
याचिका में इस बात का आदेश देने की मांग की गई है कि नागरिकों को चाहे उनकी जाति, धर्म या SC/ST/OBC स्टेटस कुछ भी हो, उन्हें अपने रिश्तेदारों के शवों को उसी गांव में दफनाने की इजाज़त मिले जहां पर वे रहते हैं। याचिका में कहा गया है कि गांव के सार्वजनिक कब्रिस्तान में दफनाने से मना करना, संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत याचिकाकर्ताओं के धर्म की आजादी के अधिकार का उल्लंघन है।
याचिका में राज्य की सभी ग्राम पंचायतों को हर गांव में सभी समुदायों के लोगों को दफनाने के लिए खास जगहें तय करने और सभी परिवारों को अपने मृतकों को उसी गांव में दफनाने की इजाजत देने का निर्देश देने की मांग की गई है जहां वे रहते हैं। सुप्रीम कोर्ट से यह भी अनुरोध किया गया है वह राज्य को यह निर्देश दे कि वह एक गांव में सभी कम्युनिटी के लिए जितना हो सके कॉमन कब्रिस्तान बनाकर धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे को बढ़ावा दे।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


