ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News छत्तीसगढ़रायगढ़ में शिकारी खुद हो गए शिकार: हिरण या सूअर मारने जंगल में लगाया था करंट, चपेट में आने से 3 लोगों की मौत

रायगढ़ में शिकारी खुद हो गए शिकार: हिरण या सूअर मारने जंगल में लगाया था करंट, चपेट में आने से 3 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शिकार की आस में जंगल गए शिकारी खुद शिकार हो गए। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई है। करंट से एक वन्यप्राणी कोटरी की भी मौत हुई है।

रायगढ़ में शिकारी खुद हो गए शिकार: हिरण या सूअर मारने जंगल में लगाया था करंट, चपेट में आने से 3 लोगों की मौत
Sandeep Diwanलाइव हिन्दुस्तान,रायगढ़Thu, 07 Jul 2022 02:50 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शिकार की आस में जंगल गए शिकारी खुद शिकार हो गए। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई है। करंट से एक वन्यप्राणी कोटरी की भी मौत हुई है। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। वन्यप्राणियों का शिकार करने बिजली खंभे से करंट लगाया गया था। शिकारी अपने ही लगाए करंट में फंस गए, जिससे उनकी मौत हुई है। घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है। 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह करंट की चपेट में आने से 3 शिकारियों की मौत हुई है। सूचना मिलने के बाद मौक पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। पुलिस ने मृतकों का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीनों शिकारियों द्वारा जंगली जानवरों का शिकार करने के उदेश्य से करंट तार लगाया गया था। पूंजीपथरा निवासी बीरबल मंगल सिंह धनवार, लैलूंगा सोनाजोरी निवासी अनिल कुजूर और बैगा बहार कोतबा निवासी बोधन तिर्की की मौत हुई है। शिनाख्त के बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई।  

पुलिस व वन विभाग की टीम कर रही जांच
पुलिस के मुताबिक हाईटेंशन लाइन से 11000 वोल्टेज का करंट प्रवाहित हो रहा था। बिजली विभाग को सूचना देकर पहले सप्लाई बंद कराई गई। उसके बाद पंचनामा की कार्रवाई की गई। वन विभाग के मुताबिक तीनों शिकारियों ने करंट का जाल हिरण या फिर जंगली सूअर को मारने के लिए बिछाया था। घटनास्थल पर एक वन्यजीव कोटरी का शव मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है।

कोटरी को निकालने के दौरान हादसे की आशंका
पूंजीपथरा पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक पूंजीपथरा के आसपास ही फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। बुधवार की देर शाम को तीनों ने वन्यप्राणियों के शिकार की प्लानिंग बनाई होगी। तीनों जीआई तार लेकर पूंजीपथरा और तराईमाल के बीच जंगल पहुंचे थे। तार में करंट की सप्लाई दी और उसे शिकार के लिए बिछा दिया। वन्य जीव कोटरी करंट की चपेट में आ गया। ऐसी आशंका है कि वन्यप्राणी को निकालने के दौरान ही तीनों करंट की चपेट में आ गए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई। (रिपोर्ट: रवि शुक्ला)

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें