बड़े आदिवासी नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री; कौन हैं छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय?
छत्तीसगढ़ के जयपुर जिले की कुनकुरी विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा तक पहुंचने वाले विष्णुदेव साय कांग्रेस के सिटिंग विधायक यूडी मिंज को चुनाव हराकर साल 2023 में विधायक बने हैं।

दो बार विधायक और तीन बार सांसद रहे छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेता विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री बने हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से दूसरे मुख्यमंत्री के रूप में विष्णुदेव साय प्रदेश की कमान संभालने जा रहे हैं। विधायक दल की बैठक में भारतीय जनता पार्टी ने अंतिम फैसला लेते हुए कुनकुरी विधायक विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया है।
कौन हैं विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ के जयपुर जिले की कुनकुरी विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा तक पहुंचने वाले विष्णुदेव साय कांग्रेस के सिटिंग विधायक यूडी मिंज को चुनाव हराकर साल 2023 में विधायक बने हैं। 59 साल के विष्णुदेव जयपुर जिले के तहसील कांसाबेला ग्राम बंदरचुआ के रहने वाले हैं। इनके पिता का नाम रामप्रसाद साय है। विष्णुदेव साय ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत साल 1989 में की थी। वह पहली बार ग्राम बगिया से पंच बने थे। इसके बाद साल 1990 में वह पहली बार जिले की तपकरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़े और जीतकर अविभाजित मध्य प्रदेश विधायक बने।
विष्णुदेव साय का राजनीति में लगातार संघर्ष जारी रहा। साल 1999 से लेकर 2014 तक वह तीन बार लोकसभा सदस्य रहे। विष्णुदेव साय मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में श्रम, रोजगार,खान एवं इस्पात मंत्री थे। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में साल 2006 से साल 2013 तक काम किया है। साल 2018 छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सत्ता आने के बाद विष्णुदेव साय ने ही शुरुआती 3 सालों तक विपक्ष में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत रखने का काम किया था।
बताया जाता है कि 2014 के लोकसभा के चुनाव के दौरान जब ज्यादातर सांसदों के टिकट काटे जा रहे थे उसे समय विष्णुदेव साय ऐसे शख्स थे जिन्होंने सबसे पहले अपना नाम संसद की दौड़ से पीछे ले लिया था और उन्होंने चुनाव न लड़ने पर सहमति जताई थी ऐसा माना जाता है कि विष्णुदेव के इस कदम से केंद्रीय नेतृत्व बेहद ही प्रभावित हुआ था। विष्णुदेव साय आदिवासी नेता होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बेहद करीबी माने जाते हैं।
साल 2023 के चुनाव परिणाम
साल 2023 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की कुनकुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते हुए विष्णुदेव साय ने कांग्रेस के मौजूदा विधायक यूडी मिंज को हराते हुए विधानसभा पहुंचे हैं। कुनकुरी विधानसभा में कुल 158455 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें से विष्णुदेव साय को 87604 वोट मिले। जबकि यूडी मिंज को 62063 वोट मिले।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।