छत्तीसगढ़ में सांप्रदायिक हिंसा; एक की मौत, झड़प में 3 पुलिसकर्मी भी घायल, 11 अरेस्ट
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने दंगा और हत्या के आरोप में अब तक 11 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार को दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक बवाल हो गया। दोनों समुदायों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हिंसा में तीन पुलिसकर्मियों समेत कुछ लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि साजा थाना क्षेत्र के बीरनपुर गांव में सुबह बच्चों के बीच कथित तौर पर झगड़ा हुआ। इसके बाद इस झगड़े ने उग्र स्वरूप धारण कर लिया। हिंसा में पुलिस ने दंगा और हत्या के आरोप में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
समाचार एजेंसी पीटीआई भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, बेमेतरा जिलाधिकारी पीएस एल्मा ने संवाददाताओं को बताया कि कुछ बच्चों के बीच किसी छोटी बात को लेकर लड़ाई हुई जो बढ़ गई। बच्चों की लड़ाई इस कदर बढ़ी की दो समुदायों के लोग विवाद को सुलझाने के लिए गांव के चौराहे पर एकत्र हुए। हालांकि मामला सुलझने की बजाए बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग लामबंद हो गए और झड़प में ईश्वर साहू (23) नाम का शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
बेमेतरा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि किसी ने हिंसा भड़कने की सूचना पुलिस को दी। जैसे ही पुलिस को दो समुदायों में हिंसा भड़कने की सूचना मिली पुलिस अधिकारी अलर्ट मोड पर आ गए। एक पुलिस दल को मौके पर भेजा गया, लेकिन भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया जिसमें से पुलिस के तीन कर्मी घायल हो गए। उप-निरीक्षक बीआर ठाकुर को गंभीर चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उग्र भीड़ ने कुछ वाहनों में आग लगा दी। पुआल के ढेर भी जला डाला। बवाल बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर रवाना किया गया। मौके पर जब बड़ी संख्या में पुलिसबल पहुंचा तब स्थिति नियंत्रण में आई। पुलिस प्रशासन ने इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। स्थिति सामान्य होने तक पुलिस की तैनाती जारी रहेगी। उपद्रवियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


