ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News छत्तीसगढ़ईसाई बन चुके आदिवासियों का खत्म हो आरक्षण, विहिप महामंत्री मिलिंद बोले- छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष पर दर्ज हो FIR

ईसाई बन चुके आदिवासियों का खत्म हो आरक्षण, विहिप महामंत्री मिलिंद बोले- छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष पर दर्ज हो FIR

विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि समाज में जनजाति समाज के लोग ईसाई व मुसलमान बन गए हैं। उनका आरक्षण रद्द किया जाना चाहिए। उनकी डी लिस्टिंग होनी चाहिए।

ईसाई बन चुके आदिवासियों का खत्म हो आरक्षण, विहिप महामंत्री मिलिंद बोले- छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष पर दर्ज हो FIR
लाइव हिन्दुस्तान,रायपुरSat, 28 May 2022 01:18 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण, जैन साधु-संतों पर टिप्पणी, सियासी हालात और छत्तीसगढ़िया कांति सेना द्वारा धमकी पर विश्व हिंदू परिषद का बड़ा बयान सामने आया है। विहिप के राष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि समाज में जनजाति समाज के लोग ईसाई व मुसलमान बन गए हैं। उनका आरक्षण रद्द किया जाना चाहिए। उनकी डी लिस्टिंग होनी चाहिए। उन्हीं जनजातीय लोगों को आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए, जिन्होंने धर्मांतरण नहीं किया है। वहीं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के गतिविधियों पर रोक लगे और संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल पर अपराध दर्ज किया जाना चाहिए।  

केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने प्रदेश में हो रहे धर्मांतरण और जैन समुदाय के साधु संतों पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा भद्दी टिप्पणी का विरोध किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उनकी गिरफ्तारी की जानी चाहिए। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने जन बलि का विषय लिया है। यह तो प्रत्यक्ष रूप से मारने की धमकी है। यह गैर कानूनी है। गुण्डरदेही सहित अन्य गांवों में हमले हुए हैं। पुलिस की उपस्थिति में यह हमला हुआ है। राज्य सरकार को इन बातों पर ध्यान देना चाहिए। कानून को हाथ में लेने वाले और संतों को धमकी देने वालों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। संतों के जीवन व मंदिर-मठों की रक्षा के बारे में सरकार को सोचना चाहिए। 

धर्मांतरण के खिलाफ चलाएंगे जनजागरण
धर्मांतरण के मुद्दे पर मिलिंद परांडे ने कहा कि प्रदेश के ऐसे जनजातीय वर्ग के लोग जो ईसाई या मुस्लिम धर्म को अपना चुके हैं उन्हें आरक्षण की सुविधा नहीं दी जानी चाहिए। भारत के संविधान के नियमों के मुताबिक ऐसे लोगों के आरक्षण की सुविधा को खत्म कर दिया जाना चाहिए। सिर्फ उन्हीं जनजातीय लोगों को आरक्षण की सुविधा मिलनी चाहिए, जिन्होंने धर्मांतरण नहीं किया है। उन्होंने कहा कि इन सारी घटनाओं के पीछे ईसाई, मुसलमान व माओवादी संगठन हो सकते हैं। अनेक राज्यों में इस तरह की घटनाएं हो रही है। मूल निवासी और परदेशिया इस तरह के विषय चल रहे हैं। देश में कुछ लोग जहर घोलने का काम कर रहे हैं। भारत में रहने वाले सभी लोग यहीं के मूल निवासी हैं। विश्व हिन्दू परिषद जनजागरण चलाएगी।  

एफआईआर नहीं तो कोर्ट जाएगी विहिप
मिलिंद परांडे ने कहा कि छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल के बयान की विहिप निंदा करती है। विभिन्न समाजों द्वारा इसके विरोध में जगह-जगह थानों में ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। यदि पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती तो विश्व हिंदू परिषद के लोग कोर्ट जाएंगे। पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध है और उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। गुण्डरदेही में मारपीट में घायल हुए लोगों को राज्य सरकार द्वारा मुआवजा देना चाहिए। बता दें कि 25 मई को बालोद के सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने जैन मुनियों पर मंच से टिप्पणी की थी। जैन समुदाय के लोगों को बाहरी बताकर इनका विरोध किया था। इस बयान पर पूरे प्रदेश में बवाल मचा हुआ है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें