ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

हिंदी न्यूज़ छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ विधानसभा पर BJP का हल्ला बोल; पुलिस का लाठी चार्ज, दागे आंसू गैस के गोले-VIDEO

छत्तीसगढ़ विधानसभा पर BJP का हल्ला बोल; पुलिस का लाठी चार्ज, दागे आंसू गैस के गोले-VIDEO

विपक्षी भाजपा ने बुधवार को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। BJP ने आरोप लगाया कि सूबे की सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना को ठीक से लागू करने में विफल रही है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा पर BJP का हल्ला बोल; पुलिस का लाठी चार्ज, दागे आंसू गैस के गोले-VIDEO
Krishna Singhभाषा,रायपुरWed, 15 Mar 2023 10:24 PM
ऐप पर पढ़ें

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार को भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सूबे में PM आवास योजना के खराब क्रियान्वयन का आरोप लगाते हुए विधानसभा का घेराव की कोशिश की। भाजपा ने पुलिस पर लाठी चार्ज करने और आंसू गैस के गोले दागने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बजट सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने विधानसभा की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड लगाए और प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। 

पुलिस ने विधानसभा की ओर जाने वाली सड़कों पर धातु की बड़ी-बड़ी चादरों और कंटेनर ट्रकों के साथ अवरोधक लगाए थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया। भाजपा कार्यकर्ता जब नहीं माने और विधानसभा के करीब अवरोधकों को पार करने की कोशिश की तब उनको रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछारें छोड़ीं। पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। पुलिस प्रदर्शनकारियों को बसों में बिठाकर वहां से दूर ले गई।

पुलिस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, विधायक बृजमोहन अग्रवाल समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया। कितने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया इस बारे में सही संख्या सामने नहीं आई है। हालांकि, सभी प्रदर्शनकारियों को बाद में रिहा कर दिया गया। भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने पुलिस पर आंसू गैस के गोले दागने, पानी की बौछारें छोड़ने और लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस के बल प्रयोग के कारण 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। 

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- भाजपा ने 'मोर आवास, मोर अधिकार' (मेरा घर मेरा अधिकार) को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था लेकिन पुलिसिया कार्रवाई दिखाती है कि भूपेश बघेल सरकार 'तानाशाह' की तरह व्यवहार कर रही है। कांग्रेस सरकार की लापरवाही के कारण लगभग 20 लाख लाभार्थी योजना के तहत आवास से वंचित हैं। वहीं विधानसभा मार्ग पर स्थित कचना गांव के करीब पार्टी कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए राज्य भाजपा प्रमुख अरुण साव ने कांग्रेस सरकार को 'गरीब विरोधी' करार दिया। 

साव ने कहा कि भाजपा की यह लड़ाई गरीबों के अधिकारों, अन्याय और अत्याचार के खिलाफ है। भाजपा आवास योजना के लाभार्थियों के साथ खड़ी है। भाजपा गरीबों के हक के लिए लड़ाई जारी रखेगी। कांग्रेस सरकार की नाकामी का नतीजा है कि राज्य में लाखों गरीब प्रधानमंत्री आवास से वंचित हैं। साव ने कांग्रेस सरकार को 'गूंगी-बहरी' करार दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और वरिष्ठ नेता मौजूद थे।