छत्तीसगढ़ में 27 लाख के इनामी 6 नक्सली ढेर; पुलिस ने बताया कैसे तोड़ी माओवादी संगठन के नेटवर्क की कमर

Nov 13, 2025 05:14 pm ISTSourabh Jain वार्ता, बीजापुर, छत्तीसगढ़
share Share
Follow Us on

अधिकारियों ने बताया कि मारे गए नक्सलियों में से सबसे बड़ा नाम DVCM कन्ना उर्फ बुचन्ना (35) का है, जिस पर 8 लाख रुपए का इनाम रखा गया था। पुलिस के अनुसार बुचन्ना पर जिले के विभिन्न थानों में 42 आपराधिक मामले दर्ज थे और उसके खिलाफ 18 स्थायी वारंट भी जारी थे।

छत्तीसगढ़ में 27 लाख के इनामी 6 नक्सली ढेर; पुलिस ने बताया कैसे तोड़ी माओवादी संगठन के नेटवर्क की कमर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने हाल ही में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दक्षिणी बस्तर के लिए खतरा माने जाने वाले छह कुख्यात माओवादियों को एक भीषण मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ कांदुलनार-कचलारम के जंगलों में हुई। इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि मारे गए नक्सलियों पर कुल 27 लाख रुपए का इनाम घोषित था और इनकी मौत से माओवादी संगठन के सैन्य, राजनीतिक और सप्लाई नेटवर्क की कमर टूट गई है। इस कार्रवाई को बीजापुर की DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड), DRG दंतेवाड़ा और STF (विशेष टास्क फोर्स) की संयुक्त टीमों ने अंजाम दिया।

इस बारे में जानकारी देने के लिए गुरुवार को बस्तर पुलिस महानिरीक्षक (IG) पी सुंदरराज, पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) दंतेवाड़ा और पुलिस अधीक्षक बीजापुर ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता की, जिसमें उन्होंने बताया कि यह सफल अभियान विश्वसनीय सूचना पर शुरू किया गया था, जिसमें DKSZCM पापाराव की मद्देड़ एरिया कमेटी के प्रभारी DVCM कन्ना उर्फ बुचन्ना और पामेड़ एरिया कमेटी की सचिव DVCM उर्मिला सहित 50-60 माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी।

मुठभेड़ स्थल पर मिले छह शव

आगे उन्होंने कहा, बीती 11 नवंबर की सुबह से शुरू हुए इस ऑपरेशन के दौरान रुक-रुक कर गोलीबारी का दौर चला, जिसके बाद मुठभेड़ स्थल से छह शव मिले जिन्हें बीजापुर लाया गया साथ ही मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए। मारे गए नक्सलियों में से सबसे महत्वपूर्ण नाम DVCM कन्ना उर्फ बुचन्ना (35) का है, जिस पर आठ लाख रुपए का इनाम रखा गया था। बीजापुर पुलिस के अनुसार, बुचन्ना पर जिले के विभिन्न थानों में 42 आपराधिक मामले दर्ज थे और उसके खिलाफ 18 स्थायी वारंट जारी थे।

मारा गया 8 लाख का इनामी बुचन्ना उर्फ कन्ना

पुलिस अधीक्षक बीजापुर जितेंद्र कुमार यादव ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'बुचन्ना उर्फ कन्ना पिछले एक दशक से अधिक समय से इस क्षेत्र में माओवादी हिंसा का एक प्रमुख चेहरा था। वह कैम्प हमलों, IED विस्फोटों, ग्रामीणों की हत्या, डकैतियों और संचार टॉवरों को नष्ट करने जैसी सैकड़ों वारदातों का मास्टरमाइंड था। उसकी मौत से इस क्षेत्र में आतंक का एक लंबा अध्याय समाप्त हुआ है।'

उर्मिला पर भी घोषित था 8 लाख रुपए का इनाम

दूसरी प्रमुख कैडर DVCM उर्मिला थी, जो कुख्यात शीर्ष माओवादी नेता DKSZCM पापाराव की पत्नी और पामेड़ एरिया कमेटी की सचिव थी। उस पर भी आठ लाख रुपए का इनाम था। उर्मिला न केवल हिंसक घटनाओं में शामिल थी, बल्कि संगठन के राजनीतिक विंग और PLGA (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) बटालियनों के लिए रसद आपूर्ति (सप्लाई चेन) की मुख्य संचालक भी थी।

अन्य चार माओवादियों पर घोषित था कुल 11 लाख का इनाम

मारे गए अन्य माओवादियों में ACM जगत तामो उर्फ मोटू (5 लाख रुपए का इनामी) और तीन पार्टी सदस्य - देवे, भगत और मंगली ओयाम (तीनों पर दो-दो लाख रुपए का इनाम) शामिल हैं।

घटनास्थल से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। इसमें दो इंसास राइफलें, एक 9 MM कार्बाइन, एक .303 राइफल, एक सिंगल शॉट राइफल, एक 12 बोर बंदूक, इनके मैगजीन और सैकड़ों कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा रेडियो सेट, स्कैनर, मल्टीमीटर, हथगोले, सुरक्षा फ्यूज, माओवादी साहित्य, वर्दी और चिकित्सा सामग्री भी जब्त की गई है। बरामद डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों से बुचन्ना के अर्बन नेटवर्क से संबंध के सुराग मिले हैं, जिसकी जांच अब पुलिस की विशेष टीम कर रही है।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने इस सफलता पर कहा, 'बेहतर आपसी समन्वय और सहयोग के माध्यम से, हम क्षेत्र में बचे हुए अंतिम नक्सली ठिकानों को समाप्त करने के लिए अपने अभियानों को और अधिक तेज और प्रभावी बना रहे हैं। ये सतत अभियान सरकार, सुरक्षा बलों और बस्तर की जनता के उस सामूहिक संकल्प को दर्शाते हैं, जिसका लक्ष्य इस दशकों पुरानी समस्या को जड़ से खत्म करना है। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है एक शांतिपूर्ण और नक्सल-मुक्त बस्तर। वर्तमान परिस्थितियों में माओवादी संगठन पूरी तरह से घिर चुका है और अब उसके पास हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में लौटने के अलावा कोई अन्य विकल्प शेष नहीं है।'

उधर बीजापुर के पुलिस अधीक्षक ने कहा यह मुठभेड़ बस्तर संभाग में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों की बढ़ती गति और प्रभावशीलता को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा केवल वर्ष 2025 में ही जिले में अब तक 144 माओवादी मारे गए हैं, 499 गिरफ्तार किए गए हैं और 560 ने आत्मसमर्पण किया है। जनवरी 2024 से अब तक के आंकड़े और भी चौंकाने वाले हैं जिसमें 202 मारे गए, 1002 गिरफ्तार और 749 ने आत्मसमर्पण किया है।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsछत्तीसगढ़ न्यूज़Six Naxals killed carried total bounty of Rs 27 lakh, includes two top ultras in Bijapur CG
;;;