एंडोस्कोपी करने वाले कैमरे से पेपर लीक; रायपुर की यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ने किया गजब का खेल

एएनआई, रायपुर, छत्तीसगढ़
Follow us on Google News
share

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल बरामद किए हैं, जबकि मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में हुई पेपर लीक की घटना को लेकर पुलिस ने दुर्ग जिले के एक निजी कृषि महाविद्यालय के प्रोफेसर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रोफेसर ने इस पेपर पाने के बाद 5 छात्रों को बेच दिया था और वही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड भी है। पुलिस ने बताया कि इस पूरे कांड को करने के लिए आरोपी प्रोफेसर ने बेहद हैरान करने वाला तरीका अपनाया। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रोफेसर ने एंडोस्कोपी करने वाले छोटे से कैमरे का इस्तेमाल कर पेपर को स्केन किया और फिर 15 सवालों को छात्रों को बेच दिया।

इस केस की जानकारी देते हुए रायपुर DCP (पुलिस उपायुक्त, क्राइम) स्मृतिक राजनाला ने शनिवार को बताया कि बीएससी (कृषि) सेकेंड ईयर के 20 अगस्त को होने वाली एंटोमोलॉजी (कीटशास्त्र) विषय के पेपर को प्रश्न पत्र लीक होने की घटना सामने आने के बाद रद्द कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं स्नातक परीक्षा सेल के प्रभारी डॉ. एन.आर. रंगारे ने इस बारे में तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने 36 घंटों में आरोपियों को दबोचा

अधिकारी ने कहा कि 'शिकायत मिलने के 36 घंटे के भीतर दुर्ग में स्थित भारती एग्रीकल्चर कॉलेज के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया (38) के अलावा पांच छात्रों अजय नायक (20), त्रिदेव पटेल (22), नितिन पांडेय (22), अनुज मिंज (22) और आदित्य साहू (20) को गिरफ्तार कर लिया गया।'

प्रोफेसर है पूरी साजिश का मास्टरमाइंड

राजनाला ने बताया कि योगेश सोनकेसरिया ही इस मामले का मास्टरमाइंड और मुख्य आरोपी है जो वर्ष 2019 से भारती एग्रीकल्चर कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि योगेश पिछले करीब एक वर्ष से अपने कॉलेज की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र प्राप्त कर कॉलेज तक पहुंचाने का काम कर रहा था।

अगली परीक्षाओं के पेपर साथ ले जाकर की वारदात

अधिकारी के अनुसार 17 अगस्त को सोनकेसरिया उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने के लिए रायपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय आया था और इसी दौरान उसने आगामी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र प्राप्त किए थे। पुलिस के मुताबिक, प्रश्न पत्र कॉलेज ले जाने के बाद उसने सभी लिफाफे कॉलेज में रख दिए लेकिन 20 अगस्त को होने वाली AGCH-221 विषय की परीक्षा के प्रश्न पत्र वाला लिफाफा अपने घर ले गया।

एंडोस्कोपी करने वाले कैमरे को लिफाफे में डाला

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सुई और नुकीले उपकरण की मदद से लिफाफे में छोटा छेद किया और मेडिकल जांच में काम आने वाले एंडोस्कोपी कैमरे से प्रश्न पत्र को स्कैन करते हुए उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद उसने हाथों से प्रश्न पत्र में दिए गए 15 सवालों को लिखकर अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक और दो अन्य छात्रों को 11 हजार रुपए में बेच दिए। उन्होंने कहा कि अजय नायक ने आगे यह प्रश्न पत्र त्रिदेव पटेल, नितिन पांडेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू को बेच दिया।

आरोपियों के पास से पुलिस को मिला इतना कुछ

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल बरामद किया। साथ ही बताया कि मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

अधिकारी ने बताया कि 'जिन स्टूडेंट्स को ये पेपर मिला था, उन्हीं से हुई पूछताछ के दौरान पुलिस को इस मामले से जुड़े सुराग मिले थे। पूछताछ में यह भी पता चला कि 7 तारीख को भी इस प्रोफेसर ने 'प्लांट पैथालॉजी' का पेपर लीक किया था। वह पेपर भी आरोपी प्रोफेसर ने इसी तरीके से लीक किया था। इस मामले में अन्य लोगों की मिलीभगत के बारे में पता करने के लिए पुलिस की टीम लगी हुई है, तो इस मामले में आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।'

इस तरह हुआ पूरे मामले का खुलासा

परीक्षा लीक को लेकर मिली शिकायत से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने बताया कि 'परीक्षा वाले दिन यानी 20 अगस्त की सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी 28 कृषि महाविद्यालयों में बीएससी (कृषि) द्वितीय वर्ष द्वितीय सेमेस्टर के AGCH-221 (कीटशास्त्र) विषय की परीक्षा निर्धारित थी। लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले ही 20 अगस्त की सुबह करीब 8:41 बजे कवर्धा स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के ई-मेल पर और करीब 8:54 बजे संबंधित अधिकारियों के ई-मेल पर प्रश्न पत्र लीक होने की सूचना मिली।'

अधिकारी ने बताया कि 'इसके अलावा छात्रों और छात्र प्रतिनिधियों ने भी वॉट्सऐप के माध्यम से प्रश्न पत्र के कुछ प्रश्नों के वायरल होने की जानकारी विश्वविद्यालय को दी। फिर जांच के दौरान उपलब्ध सामग्री और सूचना के आधार पर प्रश्न पत्र सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल होने की पुष्टि हुई तथा इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।'

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले की जांच के दौरान साइबर टीम ने सोशल मीडिया और इंटरनेट पर वायरल प्रश्न पत्र, स्क्रीनशॉट, फोटो, संदेश और पोस्ट का तकनीकी विश्लेषण किया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दुर्ग निवासी अनुज मिंज को पकड़ा और इसके बाद कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के जिलों में अलग-अलग टीमें भेजकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। (भाषा इनपुट के )

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsछत्तीसगढ़ न्यूज़एंडोस्कोपी वाले कैमरे से पेपर लीक; CG की यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ने किया गजब खेल