छत्तीसगढ़ में और आगे बढ़ा मॉनसून, 17 जिलों के लिए विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट; दो दिन बिजली गिरने की भी चेतावनी
मौसमी द्रोणिका राजस्थान से उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड होते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल तक समुद्र तल पर बनी हुई है। साथ ही मॉनसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून छत्तीसगढ़ में दस्तक दे चुका है, जिसके असर से प्रदेश के कई जिलों में भारी से लेकर हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून बुधवार को प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया। जिसके असर से राज्य के 17 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, तो वहीं बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर अगले कुछ दिन तक प्रदेश में बना रहेगा और इसके असर से गुरुवार को भी राज्य के 17 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले दो दिन कुछ स्थानों पर भारी मात्रा में बिजली गिरने की आशंका जताई है।
बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो इस दौरान प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई तथा एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। दंतेवाड़ा तथा रायगढ़ जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। जगदलपुर में 15 मिमी तो अंबिकापुर में 7 मिमी पानी गिरा।
सबसे ज्यादा गर्म रहा बिलासपुर
बीते दिन प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
बुधवार को इन स्थानों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 17 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान राजधानी रायपुर में बुधवार को आकाश में बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 डिग्री और 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
गुरुवार को इन 17 जिलों में भारी बारिश के आसार
IMD ने गुरुवार को प्रदेश के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, गरियाबंद, नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के बाकी हिस्सों के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में और आगे बढ़ा मॉनसून
आज 24 जून, 2026 को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है और इसकी उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही मौसमी द्रोणिका राजस्थान से उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड होते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल तक समुद्र तल पर बनी हुई है। मध्य प्रदेश के मध्य भागों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में स्थित है।


