
छत्तीसगढ़ में भी दिख रहा चक्रवाती तूफान का असर; अगले चार दिन चलेंगी तेज हवाएं, खूब गिरेगा पानी
बीते दिन यानी रविवार के मौसम की बात करें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस माना (रायपुर) में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले चार दिन तक मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है। विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवातीय तूफान 'मोन्था' के असर से 27 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। जबकि 28 अक्टूबर को भी दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा और एक-दो स्थानों पर सीमांत भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान इन इलाकों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा भी चलने की संभावना है। 29 अक्टूबर को मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

अगले चार दिन इन जिलों में गिरेगा झमाझम पानी
27 अक्तूबर (सोमवार) को मौसम विभाग ने प्रदेश के नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान यहां आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। इसके अलावा विभाग ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बलौदाबाजार, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव और कांकेर जिलों में मध्यम से तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने का पूर्वानुमान भी लगाया है।
28 अक्तूबर (मंगलवार) के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए यहां अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा प्रदेश के गरियाबंद और कोंडागांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए यहां बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है। जबकि राजनांदगांव, धमतरी, बालोद और कांकेर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों जैसे सूरजपुर, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, बलौदाबाजार, मुंगेली, महासमुंद, कबीरधाम, बेमेतरा, रायपुर और दुर्ग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने पूरे प्रदेश में तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने की भी उम्मीद जताई है।
29 अक्तूबर (बुधवार) के लिए विभाग ने कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बस्तर, कोंडागांव और सुकमा जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के अन्य सभी जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
30 अक्तूबर (गुरुवार) के लिए मौसम विभाग ने कोरिया, सूरजपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, मुंगेली और बिलासुपर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, रायगढ़ और जांजगीर चांपा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।

कैसा था बीते दिन का मौसम?
बीते दिन यानी रविवार के मौसम की बात करें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस माना (रायपुर) में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश पेंड्रा में 6 मिमी दर्ज की गई। सोमवार को राजधानी रायपुर में आकाश में सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 डिग्री और 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
महत्वपूर्ण मौसम की विशेषताएं एवं सिनोप्टिक स्थितियां
पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती तूफान 'मोंथा' पिछले 6 घंटों के दौरान 18 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ गया और 27 अक्टूबर 2025 को सुबह 8.30 बजे, दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में, चेन्नई (तमिलनाडु) से लगभग 520 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 570 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 600 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 750 किमी दक्षिण और पोर्ट ब्लेयर (अंडमान और निकोबार द्वीप समूह) से 850 किमी पश्चिम में केंद्रित था। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ते हुए, इसके 28 अक्टूबर की शाम/रात के दौरान एक तीव्र चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) के रूप में मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है। इस तूफान की अधिकतम निरंतर गति 90-100 किमी प्रति घंटा से लेकर 110 किमी प्रति घंटा (gusting) तक हो सकती है।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




