छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ED ने जब्त की 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति, गोवा का होटल भी शामिल

एएनआई, रायपुर, छत्तीसगढ़
Follow us on Google News
share

ईडी ने उत्तरी गोवा के अंजुना में स्थित 'होटल वेस्टिन गोवा' को कुर्क किया। यह संपत्ति 'पैसिफिका होटल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' के नाम पर पंजीकृत है, जिसके निदेशकों में राहुल अग्रवाल और विजय कुमार अग्रवाल शामिल हैं।

ED attaches Rs 1,000-cr assets in Chhattisgarh liquor scam, tightens noose around syndicate

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने हाल ही में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है और इस मामले से जुड़े आरोपियों की 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के बाजार मूल्य वाली संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त (अटैच) कर लिया है। इनमें गोवा का एक लग्जरी होटल भी शामिल है। ईडी ने बताया कि उसके रायपुर जोनल कार्यालय ने इस कार्रवाई को 28 मई को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत अंजाम दिया। इस दौरान जांच एजेंसी ने तीन ‘अस्थायी कुर्की आदेश’ (PAO) के तहत संपत्तियों को जब्त किया।

एजेंसी ने बताया कि जब्त की गई इन संपत्तियों का डीड मूल्य (दस्तावेजी मूल्य) करीब 200 करोड़ रुपए है, जबकि बाजार में इनकी कीमत 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई है। ईडी की यह जांच रायपुर की आर्थिक अपराध शाखा/एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW/ACB) द्वारा दर्ज FIR पर आधारित है।

सिंडिकेट ने की 2,883 करोड़ रुपए की अवैध कमाई

एजेंसी के अनुसार, 'साल 2019 से 2023 के बीच कारोबारी अनवर ढेबर और पूर्व IAS अधिकारी अनिल टूटेजा के नेतृत्व वाले एक शराब सिंडिकेट ने राज्य की आबकारी व्यवस्था में जमकर हेरफेर की थी। इस नेटवर्क ने शराब खरीद की बढ़ी हुई दरों, बिना हिसाब-किताब वाली शराब के अवैध उत्पादन और चुनिंदा संस्थाओं को दिए गए FL-10A लाइसेंस के जरिए वसूली गई कमीशन के माध्यम से 2,883 करोड़ रुपए से ज्यादा की 'अपराध से अर्जित आय' जुटाई थी।

ईडी ने जब्त की कौन सी संपत्तियां

28 मई को ईडी ने अपने पहले जब्ती आदेश के तहत जिन संपत्तियों को जब्त किया, उनमें अनवर ढेबर और विकास अग्रवाल से जुड़ी संपत्तियां शामिल हैं। एजेंसी का आरोप है कि विकास अग्रवाल ने मुख्य वित्तीय हैंडलर के रूप में काम किया, जो कि डिस्टिलरी और लाइसेंस धारकों से कमीशन इकट्ठा करके ढेबर तक पहुंचाता था। इस दौरान ईडी ने अग्रवाल के परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज संपत्तियों को भी उनकी अवैध कमाई के बराबर मानते हुए जब्त कर लिया। ईडी ने ढेबर से जुड़ी कई बेनामी संपत्तियां भी जब्त की हैं, जिनमें रायपुर के 'ढेबर सिटी होम्स' में स्थित प्लॉट और 'शाइनिंग स्टार बिल्डकॉन', 'मूनलाइट रियल एस्टेट', 'स्वर्ण इंफ्राबिल्ड' और 'जय गुरुदेव इंफ्रास्ट्रक्चर' जैसी शेल फर्मों (कागजी कंपनियों) के जरिए खरीदी गई जमीनें शामिल हैं। इन जब्त संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 30 करोड़ रुपए है।

गोवा में स्थित लग्जरी होटल को जब्त किया

दूसरे जब्ती आदेश के तहत ईडी ने उत्तरी गोवा के अंजुना में स्थित 'होटल वेस्टिन गोवा' को कुर्क किया। यह संपत्ति 'पैसिफिका होटल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' के नाम पर पंजीकृत है, जिसके निदेशकों में राहुल अग्रवाल और विजय कुमार अग्रवाल शामिल हैं। एजेंसी का आरोप है कि यह होटल पूरी तरह से अपराध से कमाए गए पैसों से खरीदा गया था और इसकी कीमत लगभग 110 करोड़ रुपए है। इस सौदे की पूरी रकम नकद के रूप में दी गई थी, और जो शराब घोटाले से प्राप्त हुई थी और चैतन्य बघेल के कहने पर पहुंचाई गई थी।

तीन कंपनियों के बैंक खाते, शेयर और MF जब्त किए

ईडी के तीसरे कुर्की आदेश के तहत जिन संपत्तियों को जब्त किया गया, उनमें तीन FL-10A लाइसेंसधारी कंपनियों (ओम साई बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड, दिशिता वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और नेक्सजेन पावर एंजीटेक प्राइवेट लिमिटेड) के बैंक खाते, शेयर और म्यूचुअल फंड शामिल हैं। इन कंपनियों को अपने मुनाफे का 50-60 प्रतिशत हिस्सा (लगभग 51 करोड़ रुपए) जबरन सिंडिकेट को ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया गया था।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।